रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन में मुंबई के तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे अपनी उगलती गेंदबाजी से छाए हुए हैं। उन्होंने चंडीगढ़ के खिलाफ पहले राउंड के मुकाबले में हैट्रिक समेत 7 विकेट झटक मुंबई की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। अब उन्होंने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ घातक गेंदबाजी करते हुए 46 रन देकर 4 विकेट चटका दिए। बिलासपुर के लुहनू क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे इस एलीट ग्रुप-डी के मुकाबले में उनकी धारदार गेंदबाजी की बदौलत मुंबई ने हिमाचल प्रदेश को 140 रन पर ढेर कर दिया।

 

देशपांडे ने परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए अनुशासित और आक्रामक गेंदबाजी से हिमाचल के बल्लेबाजों को परेशान किया। उनकी शानदार गेंदबाजी के सामने मेजबान टीम 39.5 ओवर में सिमट गई। मुंबई की ओर से सिल्वेस्टर डिसूजा ने 2, जबकि मोहित अवस्थी और तनुष कोटियान ने 1-1 विकेट चटकाए।

 

यह भी पढ़ें: महेला जयवर्धने के बाद कौन बन सकता है मुंबई इंडियंस का कोच, रेस में कौन-कौन है?

देशपांडे ने मैच की पहली ही गेंद पर झटका विकेट

देशपांडे ने मैच की पहली ही गेंद पर शुभम अरोड़ा को खाता खोले बिना आउट कर मुंबई को शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने तीसरे ओवर में नेहाल वढेरा (8) को LBW आउट किया। सलामी बल्लेबाज इनेश महाजन (11) को मोहित अवस्थी ने आउट किया। हिमाचल के कप्तान पुखराज मान (35), विकेटकीपर वैभव कालिता (33) और आकाश वशिष्ठ (39) ने कुछ देर विकेटों का पतन रोका लेकिन उनके प्रयास टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त नहीं रहे। देशपांडे और उनके साथी तेज गेंदबाज डिसूजा लगातार विकेट चटकाते रहे, जिससे हिमाचल की पारी जल्द सिमट गई।

 

यह भी पढ़ें: टीम इंडिया ने दूसरे टी20 में जिम्बाब्वे को 9 विकेट से रौंदा, सीरीज पर कब्जा

मुंबई बड़ी बढ़त की ओर 

हिमाचल प्रदेश को सस्ते में निपटाने के बाद दिन का खेल खत्म होने तक मुंबई ने 36 ओवर में 2 विकेट पर 107 रन बना लिए हैं। उसे पहली पारी में बढ़त हासिल करने के लिए सिर्फ 33 रन और बनाने हैं, जबकि उसके 8 विकेट बचे हुए हैं। मुंबई की शुरुआत भी खराब रही थी। दिव्यांश सक्सेना 9 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अंगकृष रघुवंशी ने 20 रन का योगदान दिया। इसके बाद मुशीर खान (नाबाद 34) और कप्तान सिद्धेश लाड (नाबाद 32) ने तीसरे विकेट के लिए 75 रन की अटूट साझेदारी की और मुंबई को बढ़त के करीब पहुंचा दिया।