इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 समाप्त होने से पहले इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है। ऋषभ पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की कप्तानी से हटने का फैसला किया है। पंत की अगुवाई में LSG ने IPL 2026 में आखिरी स्थान पर फिनिश किया, जिसके बाद पंत ने शुक्रवार (29 मई) को फ्रेंचाइजी को अपने फैसले की जानकारी दी। 

 

LSG ने अपने डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी के हवाले से लिखा कि ऋषभ ने फ्रेंचाइजी से संपर्क किया और हमने इसे स्वीकार कर लिया है। ऐसे फैसले लेना कभी आसान नहीं होता। कप्तान के रूप में ऋषभ ने इस ड्रेसिंग रूम में जो भी योगदान दिया है, उसके लिए हम उनके आभारी हैं। अब हमारा पूरा फोकस टीम को फिर से मजबूत बनाने और बेहतर संरचना तैयार करने पर है, ताकि फ्रेंचाइजी भविष्य में अपने बेस्ट स्तर तक पहुंच सके।

 

यह भी पढ़ें: आंतरिक कलह से टूट चुके हैं हार्दिक पंड्या, IPL 2026 के बाद MI से तोड़ा नाता!

पंत की कप्तानी में LSG का रहा बुरा हाल

विकेटकीपर बल्लेबाज पंत 2025 सीजन से पहले LSG के कप्तान बने थे। उन्हें फ्रेंचाइजी ने मेगा ऑक्शन में 27 करोड़ रुपये में खरीदने के बाद टीम की कमान सौंपी थी। हालांकि पंत और टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। IPL 2025 में  LSG 14 में से 6 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर रही। पंत कप्तानी के साथ-साथ बल्ले से भी फ्लॉप रहे। वह 133.16 के स्ट्राइक रेट से 269 रन ही बना सके।

 

निराशाजनक सीजन के बाद उनकी कप्तानी और टीम में जगह को लेकर सवाल उठ रहे थे। हालांकि LSG मैनेजमेंट ने उन पर भरोसा बना रखा और IPL 2026 में भी टीम को लीड करने का मौका दिया। इस सीजन LSG ने शुरुआती 3 मैचों में 2 जीत हासिल कर सीजन का बेहतरीन अंदाज में आगाज किया लेकिन इसके बाद उसे लगातार 6 मैचों में हार का सामना करना पड़ा और वह प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई। LSG मौजूदा सीजन में 14 मैचों में सिर्फ 4 ही जीत हासिल कर पाई और उसे आखिरी पायादन पर रहना पड़ा।

 

यह भी पढ़ें: एशियाड ट्रायल्स में हिस्सा लेंगी विनेश फोगाट, सुप्रीम कोर्ट ने WFI को दिया झटका

पंत को रिलीज करेगी LSG?

ऋषभ पंत IPL इतिहास के सबसे महंगे प्लेयर हैं। LSG उन पर हर सीजन के लिए 27 करोड़ रुपये खर्च कर रही है लेकिन वह टीम में योगदान नहीं दे पा रहे हैं। पंत पिछले सीजन फ्लॉप रहने के बाद IPL 2026 में भी 138.05 के स्ट्राइक रेट से 312 रन ही बना पाए। कप्तानी छोड़ने के बाद अब बड़ा सवाल यह है कि क्या LSG उन्हें रिटेन करेगी?