इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में खराब प्रदर्शन के बाद मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान हार्दिक पंड्या फ्रेंचाइजी छोड़ने की तैयारी में हैं। हार्दिक ने खिलाड़ियों की गुटबाजी से परेशान होकर यह फैसला लिया है। न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक मानसिक रूप से बेहद थक चुके हैं और वह MI से अलग होना चाहते हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हार्दिक ने IPL 2026 में MI का अभियान समाप्त होने से पहले ही MI मैनेजमेंट को फ्रेंचाइजी छोड़ने के अपने फैसले के बारे में बता दिया था।
PTI के अनुसार, जब MI की प्लेऑफ की उम्मीदें लगभग खत्म हो गईं, तब हार्दिक और फ्रेंचाइजी ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला कर लिया। IPL के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर PTI से कहा, 'हार्दिक मानसिक तनाव में थे और पूरी तरह थक चुके थे। उन्हें पीठ में चोट भी लगी थी। जैसे ही प्लेऑफ की उम्मीदें खत्म हुईं, हार्दिक ने MI मैनेजमेंट को बता दिया कि वह आगे टीम के साथ नहीं रहेंगे।' सूत्र ने आगे कहा, 'हार्दिक अभी केवल 32 साल के हैं। वह 2024 में 30 साल की उम्र में, MI में लौटे थे। पहले साल उन्हें हूटिंग का सामना करना पड़ा और इस सीजन में भी चीजें प्लान के अनुसार नहीं चलीं।'
यह भी पढ़ें: एशियाड ट्रायल्स में हिस्सा लेंगी विनेश फोगाट, सुप्रीम कोर्ट ने WFI को दिया झटका
रोहित की जगह हार्दिक बने थे कप्तान
MI ने रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर हार्दिक को टीम की कमान सौंपी थी। फैंस को यह फैसला रास नहीं आया था और उन्होंने हार्दिक को कई बार हूट किया। हर किसी के टारगेट पर हार्दिक ही थे। इस कारण उनका प्रदर्शन भी प्रभावित हुआ। IPL सूत्र के अनुसार, अब उनकी सहनशीलता जवाब दे चुकी है। सूत्र ने कहा, 'एक युवा आखिर कितना सह सकता है? पिछले तीन साल उनके लिए आसान नहीं रहे। 2021 में जिस MI के ड्रेसिंग रूम को वह छोड़कर गए थे, 2024 में लौटने पर वह वैसा नहीं था। सभी सीनियर खिलाड़ी एकमत नहीं थे।'
उन्होंने कहा, 'अगर अलग-अलग विचारों के बावजूद परिणाम अच्छे आते तो शायद इतनी निराशा नहीं होती लेकिन जब हर कोई अलग दिशा में खींचने लगे, तो एक समय के बाद मानसिक रूप से आगे बढ़ पाना मुश्किल हो जाता है। इसलिए हार्दिक ने सीजन के बीच में ही तय कर लिया था कि वह अगले सीजन में MI का हिस्सा नहीं होंगे।'
यह भी पढ़ें: RCB की लगातार दूसरी IPL ट्रॉफी पक्की! पिछले 8 सीजन से चला आ रहा है यह ट्रेंड
सीनियर खिलाड़ियों ने किया हार्दिक का साथ खेला
बताया जा रहा है कि हार्दिक को सबसे ज्यादा इस बात ने आहत किया कि जो सीनियर खिलाड़ी भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल मैचों में उनसे शत प्रतिशत कमिटमेंट की उम्मीद करते थे, वही खिलाड़ी फ्रेंचाइजी में उनके कप्तान रहते हुए वैसा सहयोग नहीं दे रहे थे। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि हार्दिक किसी दूसरी टीम के साथ ट्रेड डील करना चाहते हैं या फिर ऑक्शन में उतरेंगे। सूत्र ने कहा, 'एक बात तय है कि उनका MI के साथ नाता खत्म हो चुका है। अगस्त के करीब शायद उनके अगले कदम का संकेत मिल सकता है।'