रोहित शर्मा ने रिटायरमेंट की अटकलों पर खुलकर अपनी राय रखी है। भारतीय टीम के दिग्गज सलामी बल्लेबाज ने रविवार (19 जुलाई) को इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स वनडे में 138 रन की आक्रामक पारी खेलने के बाद कहा कि उन्हें फर्क नहीं पड़ता कि बाहर कैसा शोर है। दरअसल, मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि लॉर्ड्स वनडे रोहित का आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला हो सकता है।
रोहित की फॉर्म पर भी लगातार चर्चा हो रही थी। उन्होंने सीरीज के पहले दो मैचों में धामी बल्लेबाजी की थी, जिससे कहा जाने लगा कि अब उनके रिटायरमेंट का समय आ गया है। रोहित ने पहले वनडे में 21 गेंद में 11 रन बनाए थे, जबकि दूसरे मुकाबले में वह 47 गेंद खेलकर 26 रन ही जोड़ पाए। इसके बाद उनके रिटायरमेंट की बहस जोर पकड़ने लगी लेकिन रोहित ने लॉर्ड्स में शतक जड़ बता दिया है कि अभी उनके अंदर काफी क्रिकेट बचा हुआ है।
यह भी पढ़ें: 13वीं बार यूरोपीय टीम बनी चैंपियन, FIFA वर्ल्ड कप जीतने वाले देशों की फुल लिस्ट
डेब्यू के बाद से ही शोर सुन रहा हूं - रोहित
39 साल के रोहित अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में खेलना चाहते हैं लेकिन रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि टीम मैनेजमेंट ने उन्हें बता दिया है कि वह प्लान्स का हिस्सा नहीं हैं। रोहित ने कहा कि डेब्यू के बाद से ही ऐसी चीजें सुनते आ रहा हूं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से शेयर किए गए वीडियो में उन्होंने कहा, 'जब से मैंने डेब्यू किया, तब से यह शोर हमेशा रहा है और जब तक मैं यहां हूं, तब तक यह चलता रहेगा।'
पूर्व भारतीय कप्तान ने बताया कि उन्हें इन सब बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता और उनका ध्यान सिर्फ अपने प्रदर्शन पर है। रोहित ने कहा, 'इन सब चीजों से मुझे ज्यादा फर्क नहीं पड़ता। मेरे लिए सबसे अहम बात यह है कि मैं मैदान पर क्या करता हूं और टीम की सफलता में कितना योगदान देता हूं। फिलहाल मेरा पूरा फोकस सिर्फ उसी पर है।'
यह भी पढ़ें: नम आंखें, फैंस से माफी.... फाइनल में हार के बाद कुछ इस तर विदा हुए लियोनेल मेसी
'शोर नहीं होगा तो मजा भी नहीं आएगा'
रोहित ने अपने अंदाज में आलोचनाओं का जवाब देते हुए कहा कि चर्चाएं और बहसें क्रिकेट का हिस्सा हैं और उनका काम बल्ले से जवाब देना है। उन्होंने कहा, 'शोर होने दीजिए। अगर शोर नहीं होगा तो मजा भी नहीं आएगा। मेरा काम मैदान के अंदर है, बाहर क्या कहा जा रहा है, वह दूसरों का काम है। मैं इसे इसी नजरिए से देखता हूं।'
रोहित ने यह पारी उस समय खेली, जब टीम इंडिया 388 रन के मुश्किल टारगेट का पीछा कर रही थी। वह लॉर्ड्स में शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बने। उनकी सेंचुरी की बदौलत भारत मुकाबले में बना हुआ था लेकिन उनका विकेट गिरते ही मुकाबला और सीरीज दोनों हाथ से निकल गया।
