भारत दौरे पर रनों की बरसात कर रहे वेस्टइंडीज के कप्तान शोई होप ने चौथे टी20 मैच में भी शतक जड़ दिया है। होप ने हैदराबाद में खेले जा रहे इस मुकाबले में 50 गेंद में नाबाद 102 रन की आतिशी पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। उन्होंने वेस्टइंडीज की पारी की आखिरी दो गेंदों पर दो छक्के लगाकर टी20 इंटरनेशनल में अपनी तीसरी सेंचुरी पूरी की।
होप आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का लगाकर 96 पर पहुंचे थे। इसके बाद नीतीश कुमार रेड्डी की फुलटॉस गेंद पर उन्होंने लॉन्ग ऑन की दिशा में फ्लैट शॉट खेला, जो तिलक वर्मा के हाथों के बीच से निकलकर बाउंड्री लाइन पर टकरा गई। तिलक कैच लपकने के प्रयास में अजीब पोजिशन में आ गए थे, जिससे गेंद उनके हाथों से निकल गई और होप को छक्का मिल गया। होप ने इस शतक के साथ रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है।
यह भी पढ़ें: IPL Trade Alert: नटराजन की SRH में वापसी, जीशान अंसारी ट्रेड होकर दिल्ली पहुंचे
डिविलियर्स-गेल छूटे पीछे
32 साल के होप का इस दौरे पर चौथा शतक रहा। उन्होंने वनडे सीरीज में 2 शतक लगाए थे। इसके बाद उन्होंने रांची में खेले गए दूसरे टी20 मैच में सेंचुरी ठोक वेस्टइंडीज को जीत दिलाई थी। अब उन्होंने हैदराबाद में शतक लगाकर साउथ अफ्रीकी दिग्गज एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। होप अब भारत में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल सेंचुरी जड़ने वाले विदेशी बल्लेबाज बन गए हैं। डिविलियर्स ने भारत में 6 इंटरनेशनल शतक लगाए थे। वहीं होप के नाम 7 इंटरनेशनल शतक हो गए हैं।
होप ने वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल सेंचुरी लगाने के मामले में क्रिस गेल और एविन लुईस को पीछे छोड़ा। गेल और लुईस ने 2-2 टी20 इंटरनेशनल शतक लगाए थे। होप ने रांची में इन दोनों की बराबरी की थी और अब वह इनसे आगे निकल गए हैं।
यह भी पढ़ें: ICC टी20 रैंकिंग में 'सरपंच साहब' का जलवा, करियर में पहली बार टॉप-5 में पहुंचे
वेस्टइंडीज ने खड़ा किया 247 रन का स्कोर
होप की शतकीय पारी की बदौलत कैरेबियाई टीम ने 3 विकेट के नुकसान पर 247 रन का स्कोर खड़ा किया है। शरफेन रदरफोर्ड ने अपने कप्तान का बखूबी साथ देते हुए 26 गेंद में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 49 रन बनाए। शिमरोन हेटमायर ने 12 गेंद में 33 रन जड़े। जेवेल एंड्रयू ने 21, जबकि रोवमन पॉवेल ने 24 रन का योगदान दिया।
