शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में इंडियन प्रीमियर लीग ( IPL ) के सितारों ने गदर मचाया हुआ है। प्रभसिमरन सिंह, नमन धीर और अभिषेक शर्मा गेंदबाजों पर कहर बनकर टूट रहे हैं। प्रभसिमरन सिंह लगातार 3 शतक ठोक चुके हैं। जालंधर वॉरियर्स की कप्तानी कर रहे प्रभसिमरन ने 4 मैचों में 200.50 के हैरतअंगेज औसत और 217.93 के स्ट्राइक रेट से 401 रन जड़ दिए हैं। IPL में पंजाब किंग्स के ओपनर प्रभसिमरन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में नंबर-1 पर मजबूती से बने हुए हैं। 

 

प्रभसिमरन के बाद नमन धीर का नाम है। मुंबई इंडियंस के इस मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज ने 4 मैचों में 84.33 की औसत और करीब 200 के स्ट्राइक रेट से 253 रन बनाए हैं। अमृतसर सूरमाज के लिए खेल रहे नमन धीर भी एक शतक जड़ चुके हैं। उन्हीं के टीम के कप्तान और टीम इंडिया के स्टार सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 3 मैचों में 60 की औसत और 253.52 के बेजोड़ स्ट्राइक रेट से 180 रन कूटे हैं। पंजाब की इस लीग में बड़े नामों के बीच कुछ अनजान खिलाड़ी भी चमक रहे हैं। एक नजर उन पर डालते हैं:-

 

यह भी पढ़ें: 'उम्र तो बस एक संख्या...' मोहम्मद शमी के भारतीय टीम में वापसी पर बोले ईशान किशन

विहान मल्होत्रा

भारत की 2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप जीत के हीरो में से एक विहान मल्होत्रा फाजिल्का फाल्कन्स की ओर से खेल रहे हैं। इस युवा ऑलराउंडर ने अब तक 4 मैचों में 61 की औसत और 192.63 के स्ट्राइक रेट से 183 रन बनाए हैं। विहान भी एक शतकीय पारी खेल चुके हैं। वह पिछले IPL सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ( RCB ) का हिस्सा थे। हालांकि उन्हें कोई मैच खेलने को नहीं मिला था। वह शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में अपने बल्ले की धमक दिखाकर RCB मैनेजमेंट का भरोसा जीतने की कवायद में हैं।

 

यह भी पढ़ें: UP टी20 लीग: रिंकू-भुवनेश्वर के बीच खिताबी जंग, रन बनाने में सबसे आगे कौन है?

उदय सहारन

अंडर-19 वर्ल्ड कप 2024 में टीम इंडिया के कप्तान रहे उदय सहारन का भी बल्ला आग उगल रहा है। उदय ने 3 मैचों में 101.50 की औसत और 220.65 के स्ट्राइक रेट से 203 रन ठोके हैं। शुक्रवार (4 सितंबर) को अमृतसर सूरमाज के खिलाफ वर्षा से बाधित मैच में उन्होंने 20 गेंद में 5 चौके और 6 छक्कों की मदद से 60 रन की पारी खेल अकेले दम पर बठिंडा रॉयल्स को जीत दिलाई थी।

 

यह भी पढ़ें: सहवाग-द्रविड़ के बेटों संग U19 टीम में मिली जगह, अब बैन क्यों हो गए रोहित यादव?

तेजप्रीत सिंह

मोहाली के IS बिंद्रा स्टेडियम में बल्लेबाजों की दबंगई के बीच युवा लेग स्पिनर तेजप्रीत सिंह ने अपनी छाप छोड़ी है। मोहाली किंग्स के लिए खेल रहे तेजप्रीत ने 4 मैचों में 7 विकेट झटक लिए हैं। वह सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में संयुक्त रूप से नंबर-1 पर चल रहे हैं।

गौरव चौधरी 

टी20 क्रिकेट में अब ऑफ स्पिनर्स का प्रभाव कम माना जा रहा है लेकिन गौरव चौधरी ने सबको झुठलाते हुए 5 मैचों में 6 विकेट चटका दिए हैं। ध्यान देने वाली बात ये है कि उन्होंने अब तक सिर्फ 9 ओवर ही डाले हैं। गौरव ने शुरुआती 2 मैचों में ही 5 विकेट झटक लिए थे। पिछले कुछ मैचों में वह खाली हाथ रहे हैं लेकिन वह अभी भी हाईएस्ट विकेट टेकर्स की लिस्ट में संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं।