IPL 2026 में शुभमन गिल का शानदार फॉर्म जारी है। गुजरात टाइटंस के कप्तान ने एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया। लखनऊ में खेले गए मैच में गिल ने न सिर्फ अपनी टीम को टारगेट तक पहुंचाया बल्कि एक बड़ा पर्सनल रिकॉर्ड भी बनाया। उन्होंने विराट कोहली का 10 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

 

यह सब IPL 2026 के 19वें मैच में हुआ, जहां गुजरात टाइटंस (GT) का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से हुआ। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना स्टेडियम में 165 रन के टारगेट का पीछा करते हुए गिल ने 40 गेंदों पर 56 रन की शानदार पारी खेली। उनकी शांत और असरदार बैटिंग ने गुजरात टाइटंस को शुरू से ही मैच पर कंट्रोल रखने और आखिर में जीत दिलाने में मदद की।

 

यह भी पढ़ें: जब पैदा भी नहीं हुए थे वैभव, तब से IPL खेल रहे हैं ये दिग्गज, देखें पूरी लिस्ट

सबसे कम उम्र में 4000 रन का रिकॉर्ड

इस मैच के दौरान शुभमन गिल ने IPL में अपने 4000 रन पूरे कर लिए। इसके साथ ही वह टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। गिल ने 26 साल की उम्र में यह मुकाम हासिल कर लिया, जबकि इससे पहले यह रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम था, जिन्होंने 27 साल की उम्र में 4000 रन पूरे किए थे। गिल IPL में 4000 रन बनाने वाले 14वें बल्लेबाज बन गए हैं। खास बात यह है कि 30 साल की उम्र से पहले इस आंकड़े तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में अब उनका नाम भी जुड़ गया है। इस एलीट लिस्ट में विराट कोहली के अलावा संजू सैमसन और सुरेश रैना जैसे दिग्गज खिलाड़ी पहले से शामिल हैं।

  • शुभमन गिल - 26 साल 216 दिन (2026)
  • विराट कोहली - 27 साल 195 दिन (2016)
  • संजू सैमसन - 29 साल 144 दिन (2024)
  • सुरेश रैना - 29 साल 173 दिन (2016)

यह भी पढ़ें: IPL 2026: संजू के शतक ने बदली चेन्नई की किस्मत, CSK ने DC को 23 रन से हराया

27 की उम्र से पहले सबसे ज्यादा रन

शुभमन गिल अब 27 साल की उम्र पूरी करने से पहले IPL में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने ऋषभ पंत और विराट कोहली को काफी बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया है।

 

27 साल की उम्र से पहले IPL में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी

  • शुभमन गिल - 4031* रन
  • ऋषभ पंत - 3284 रन
  • विराट कोहली - 3137 रन
  • संजू सैमसन - 3068 रन
  • ईशान किशन - 2998 रन