भारत और श्रीलंका के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला शनिवार (15 अगस्त) से गॉल में खेला जाएगा। टीम इंडिया इस मुकाबले में 3 स्पिनर्स के साथ उतरने वाली है। रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव के साथ मानव सुथार प्लेइंग-XI का हिस्सा बनना तय है। वहीं मोहम्मद सिराज नई गेंद की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनका जोड़ीदार कौन होगा, इसकी सबसे ज्यादा चर्चा है। प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ के बीच इस स्लॉट के लिए लड़ाई है।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने मैच की पूर्व संध्या पर साफ कर दिया है कि प्रसिद्ध और बराड़ में से कौन खेलेगा। गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में संकेत दिया कि गॉल में अनुभवी सिराज के साथ प्रसिद्ध नई गेंद संभाल सकते हैं। हालांकि युवा बराड़ ने पुरानी गेंद से प्रभावी गेंदबाजी करने की अपनी क्षमता के दम पर मजबूत दावेदारी पेश की है। आकिब नबी रेस में नहीं हैं। दूसरे तेज गेंदबाज के लिए छह फुट पांच इंच लंबे बराड़ और उनसे एक इंच छोटे प्रसिद्ध के बीच चयन होना है। प्रसिद्ध सात टेस्ट खेल चुके हैं और उनके नाम 25 विकेट हैं।
यह भी पढ़ें: बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप में पीवी सिंधु की राह में कौन-कौन है रोड़ा?
गिल ने प्रसिद्ध और बराड़ पर क्या कहा?
कप्तान गिल ने पहले टेस्ट की पूर्व संध्या पर कहा, 'दोनों ही बहुत कुशल गेंदबाज हैं और उन्होंने अभ्यास मैच में बेहद अच्छी गेंदबाजी की। हमने देखा है कि जब पिच से कुछ खास मदद नहीं मिल रही होती है तब पुरानी गेंद से बराड़ कितना प्रभावी है।'
उन्होंने आगे कहा, 'वह पुरानी गेंद से शानदार गेंदबाजी करता है। आपको अतिरिक्त रफ्तार और अतिरिक्त उछाल की जरूरत होती है। बेशक वह काफी लंबा है लेकिन मुझे लगता है कि हाल में प्रसिद्ध ने रेड बॉल और व्हाइट बॉल दोनों फॉर्मेट्स में अपने करियर की अब तक की बेस्ट गेंदबाजी की है। इसलिए हमारे लिए दोनों में से किसी एक को चुनना बहुत मुश्किल फैसला होगा।'
गिल ने कहा कि यह सीरीज जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में प्रसिद्ध और बराड़ जैसे खिलाड़ियों के लिए अपनी दावेदारी पेश करने का मौका है। बुमराह घुटने की चोट के कारण टीम में नहीं हैं। उन्होंने कहा, 'जसप्रीत बुमराह यहां नहीं हैं लेकिन यह किसी और के लिए आगे बढ़ने और सीरीज में अपनी छाप छोड़ने का मौका है।'
यह भी पढ़ें: BCCI के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट बनेंगे VVS लक्ष्मण, गंभीर-अगरकर का क्या होगा?
गॉल में भारत की क्या होगी रणनीति?
गिल ने यह भी स्पष्ट किया कि घरेलू मैदान पर मजबूत टीम श्रीलंका के खिलाफ दबाव बनाए रखने के लिए भारत को रचनात्मक रणनीति अपनानी होगी। उन्होंने कहा, 'टेस्ट मैच की रफ्तार थोड़ी धीमी होती है। इसलिए विकेट हासिल करने के लिए आपको अलग-अलग चीजें आजमाते रहना होगा, खासकर उप-महाद्वीप में। आपको मौके बनाने होंगे, खासकर पहले और दूसरे दिन।'
गिल ने बताया, 'अगर पिच से अधिक मदद नहीं मिल रही है तो आप दबाव कैसे बनाएंगे? आप खेल को अपने हाथ से ज्यादा फिसलने से कैसे रोकेंगे? इसलिए इस तरह का रचनात्मक क्षेत्ररक्षण हमारे गेंदबाजों के लिए मददगार होता है।'
यह भी पढ़ें: '51 साल का सूखा खत्म करेंगे...' हॉकी वर्ल्ड कप से पहले 'सरपंच साहब' की हुंकार
पडिक्कल को नंबर-3 पर मौका
बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को साई सुदर्शन की गैरमौजूदगी में नंबर तीन पर उतारे जाने की उम्मीद है। वहीं दबाव में चल रहे ध्रुव जुरेल के पिछले कुछ टेस्ट में खराब प्रदर्शन के बावजूद मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करने की संभावना है। गिल ने कहा कि टीम मैनेजमेंट हर एक खिलाड़ी को उसकी तय भूमिका में ढलने और आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त समय देने में विश्वास रखता है।
उन्होंने कहा, 'हमारे पास अपार क्षमता और कौशल वाले खिलाड़ी हैं। टीम में आने वाले बल्लेबाजों के लिए शुरुआत करना हमेशा आसान नहीं होता। हम चाहते हैं कि वे पहली पारी या पहले टेस्ट से ही सफल हों लेकिन खिलाड़ी अपने समय के अनुसार आगे बढ़ते हैं। खिलाड़ियों को वह समय देना महत्वपूर्ण है। मुझे भी याद है कि जब मैं आया था तो मैं सबसे निरंतर प्रदर्शन करने वाला खिलाड़ी नहीं था लेकिन टीम ने मुझ पर भरोसा बनाए रखा और इसी वजह से एक समय के बाद मैं सफल हो सका।'
गिल ने की पडिक्कल की तारीफ
गिल ने उम्मीद जताई कि पडिक्कल इस मौके का वह पूरा फायदा उठाएंगे। उन्होंने कहा, 'जो खिलाड़ी टीम में आ रहे हैं उनमें से हर किसी को पहले टेस्ट से ही बड़ी सफलता नहीं मिलने वाली। कुछ खिलाड़ियों को थोड़ा अधिक समय चाहिए।'
भारतीय कप्तान ने कहा, 'लेकिन पडिक्कल पहले भी टीम का हिस्सा रह चुके हैं और भारत के साथ यहां आ चुके हैं। उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया था। उनके पास इस फॉर्मेट में सफल होने के लिए सभी जरूरी कौशल और क्षमता है।'
