वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुआ। इस सीरीज के दौरान वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंगी 11 में जगह नहीं मिली थी। इस पर कैप्टन श्रेयस अय्यर ने वैभव को सीरीज में नहीं खिलाने को लेकर एक बड़ी बात कही है। श्रेयस ने साफ कर दिया कि 15 साल के वैभव को प्लेइंग इलेवन में जगह पाने के लिए थोड़ा सब्र रखना होगा। उन्होंने बताया कि टीम के पास पहले से ही अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के रूप में दो ऐसे सलामी बल्लेबाज मौजूद हैं। इन लोगों ने देश को वर्ल्ड कप जिताया है और लगातार शानदार रन बना रहे हैं।

 

श्रेयस ने कहा कि अफगानिस्तान सीरीज के दौरान ही वैभव से इस बारे में बात की थी। उन्होंने वैभव को सलाह दी है कि मौके की चिंता करने के बजाय अपनी तैयारी और स्ट्रेटजी पर ध्यान दें। IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से 776 रन बनाने वाले वैभव के लिए यह इंतजार थोड़ा लंबा है। कैप्टन का मानना है कि मजबूत टीम कॉम्बिनेशन के कारण उन्हें सही वक्त आने तक अपनी बारी का इंतजार करना ही पड़ेगा।

 

यह भी पढ़ें: Asian Para Games: मानसी और थुलासिमथि की सेमीफाइनल में एंट्री, मेडल पक्का

IPL में परफॉर्मेंस

वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में शानदार पारी खेली थी। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 776 रन बनाए और टूर्नामेंट के लगभग सभी बड़े बैटिंग अवॉर्ड्स अपने नाम किए। इस धमाकेदार खेल के दम पर ही उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम में जगह मिली थी। हालांकि, अब तक वह भारत के लिए केवल 8 टी20 मैच ही खेल पाए हैं। भले ही जिम्बाब्वे दौरे पर वह 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुने गए थे लेकिन इसके बावजूद उन्हें लगातार खेलने की मौका नहीं मिला।

 

वैभव के टी20 करियर के ज्यादातर मैच उस दौरान आए जब वीवीएस लक्ष्मण टीम के एक्टिंग कोच थे। कोच गौतम गंभीर के कार्यकाल में अभी तक केवल 3 बार ही शामिल किया गया है। ये तीनों ही मुकाबले इंग्लैंड दौरे पर खेले गए थे। इसके बाद हुई अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला।

 

यह भी पढ़ें: बेंगलुरु में बारिश की हुई जीत, भारत-वेस्टइंडीज टी20 सीरीज बराबरी पर छूटी

संजू सैमसन को मौका 

इंग्लैंड दौरे पर जब संजू सैमसन लगातार तीन मैचों में फ्लॉप रहे थे तब वैभव को अपना टी20 डेब्यू करने का मौका मिला था। इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों में वैभव IPL जैसी फॉर्म नहीं दोहरा सके। इस वजह से पांचवें मैच में संजू की वापसी हुई।

इसके बाद संजू सैमसन को जिम्बाब्वे दौरे से आराम दिया गया, जहां वैभव ने शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि, अफगानिस्तान सीरीज में संजू की वापसी होते ही फिर से वैभव को प्लेइंग 11 से बाहर कर दिया गया था। एशियन गेम्स में तो अभिषेक, संजू और वैभव तीनों ही टीम का हिस्सा थे लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ हालिया सीरीज में वैभव को एक बार फिर बाहर बेंच पर ही बैठना पड़ा।