ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 47वें मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से रौंद दिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस सुपर-8 के मुकाबले में वेस्टइंडीज ने साउथ अफ्रीका के सामने 177 रन का टारगेट रखा था। एडन मारक्रम की कप्तानी वाली टीम ने इस टारगेट को 23 गेंद शेष रहते आसानी से हासिल कर लिया। प्रोटियाज टीम की इस जीत से भारत को जबरदस्त फायदा हुआ है। अब टीम इंडिया अपने बचे हुए दोनों मैच जीतकर आसानी से सेमीफाइनल में पहुंच सकती है। नेट रन रेट का पेच खत्म हो गया है।
रबाडा-एनगिडी ने बरपाया कहर
साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए 83 रन पर वेस्टइंडीज के 7 विकेट उखाड़ दिए थे। कैगिसो रबाडा ने 2 और लुंगि एनगिडी ने 3 विकेट लेकर कैरेबियाई टीम कीम कर तोड़ दी थी। कॉर्बिन बॉश ने भी उनका अच्छा साथ निभाया। वेस्टइंडीज की टीम सस्ते में सिमटती दिख रही थी लेकिन जेसन होल्डर (31 गेंद में 49 रन) और रोमारियो शेफर्ड (37 गेंद में नाबाद 52 रन) ने आठवें विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी कर उसे मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। हालांकि उनकी मेहनत पर पानी फिर गया।
यह भी पढ़ें: ऑफ साइड फील्ड...स्लोअर बॉल, अभिषेक शर्मा को कहां फंसा रही हैं विपक्षी टीमें?
साउथ अफ्रीकी टॉप-3 ने काटा गदर
भारत के खिलाफ पूरी तरह से फेल हुई साउथ अफ्रीकी टॉप-3 ने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। कप्तान एडन मारक्रम और क्विंटन डिकॉक ने पहले 8 ओवर में 95 रन की साझेदारी की। फिर मारक्रम और रायन रिकलटन के बीच 8.1 ओवर में 82 रन की पार्टनरशिप ने साउथ अफ्रीका को आसानी से जीत दिला दी। डिकॉक ने 24 गेंद में 4 चौके और 4 छक्के उड़ाते हुए 47 रन ठोके। मारक्रम ने 46 गेंद में नाबाद 82 रन की पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। रिकलटन 28 गेंद में 45 रन बनाकर नाबाद रहे।
यह भी पढ़ें: संजू सैमसन को खिलाने से कुछ नहीं होगा, पहले अप्रोच बदले टीम इंडिया!
दिलचस्प हुई सेमीफाइनल की रेस
वेस्टइंडीज ने अपने पहले सुपर-8 के मुकाबले में जिम्बाब्वे को 107 रन से रौंद दिया था। ऐसे में साउथ अफ्रीका के खिलाफ बड़ी हार के बावजूद उसका नेट रन रेट अभी काफी बढ़िया है। कैरेबियाई टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। साउथ अफ्रीका की बात करें तो उसने सेमीफाइनल में पहला कदम रख दिया है। भारत के लिए भी समीकरण साफ है। उसे अपने बचे हुए दोनों मैच जीतने हैं।
