इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में शुक्रवार को खेले गए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) मुकाबले के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में RCB के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ट्रेविस हेड से हाथ मिलाए बिना आगे बढ़ते नजर आए। मैच के बाद आमतौर पर खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिलाते हैं। कल विराट कोहली भी SRH के खिलाड़ियों से हाथ मिला रहे थे लेकिन उन्होंने ट्रेविस हेड के साथ हाथ नहीं मिलाया। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो अब जमकर वायरल हो रहा है।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपना आखिरी लीग स्टेज मैच सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेला। इस मैच में विराट कोहली की टीम को 55 रनों से हार मिली। विराट कोहली खुद भी कुछ अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। इस मैच में विराट कोहली ने 11 गेंद खेलकर सिर्फ 15 रन बनाए।
यह भी पढ़ें: SRH से हारकर भी पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 पर रही RCB, क्वालिफायर 1 में GT से टक्कर
कोहली और ट्रेविस हेड के बीच बहस
मैच के दौरान विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच मैदान पर भी तीखी बहस देखने को मिली। रिपोर्ट्स के मुताबिक RCB की बल्लेबाजी के दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ कहासुनी हुई थी। इसके बाद माहौल थोड़ा गर्म हो गया। बाद में जब मैच खत्म हुआ और खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिला रहे थे, तब ट्रेविस हेड ने विराट की तरफ हाथ बढ़ाया लेकिन विराट बिना हाथ मिलाए आगे निकल गए। यही वीडियो अब इंटरनेट पर वायरल हो रहा है।
विराट नहीं खेल पाए बड़ी पारी
इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में विराट कोहली से बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन वह ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं सके। SRH के युवा गेंदबाज साकिब हुसैन ने उन्हें आउट किया। विराट का विकेट मैच का टर्निंग पॉइंट माना जा रहा है क्योंकि उनके आउट होते ही RCB के रन रेट पर असर पड़ा। विराट के विकेट के बाद SRH खिलाड़ियों का आक्रामक जश्न भी चर्चा में रहा जिसने मैदान पर माहौल और ज्यादा गर्मा दिया। हालांकि, पूरे सीजन में विराट कोहली शानदार फॉर्म में रहे हैं। इस सीजन में वह RCB के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल हैं और टीम को प्लेऑफ तक पहुंचाने में उनकी बड़ी भूमिका रही है।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 के बीच CSK स्टार ने लिया संन्यास, सोशल मीडिया पर किया भावुक पोस्ट
सोशल मीडिया पर बंटे फैंस
विराट और ट्रेविस हेड के नो हैंडशेक वीडियो पर सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया। कुछ फैंस ने विराट के आक्रामक रवैये को गेम का हिस्सा बताया, जबकि कई लोगों ने इसे खेल भावना के खिलाफ कहा। सोशल मीडिया पर विराट के फैंस इस वीडियो को शेयर करते हुए लिख रहे हैं कि किंग इज बैक। सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को शेयर करते हुए लिख रहे हैं कि विराट कोहली सीनियर खिलाड़ी हैं उन्हें इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए था।
एक व्यक्ति ने लिखा, 'विराट कोहली से इस व्यवहार की उम्मीद नहीं थी, खेल भावना तो कतई यह नहीं कहती।' एक अन्य व्यक्ति ने लिखा, 'विराट को ऐसे चीजों या बयान से बचना चाहिए आप महान खेल और स्वभाव दोनों से बने जिसे लोग आपको पूछे और इज्जत दे।'
एक अन्य व्यक्ति ने लिखा, 'क्रिकेट एक गर्म खेल है जिसमें तनातनी हो जाती है लेकिन इस तनातनी को स्थाई नहीं रखना चाहिए, खासकर विराट कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ी को, हेड से हाथ मिलाये बिना निकलना थोड़ा अच्छा नहीं लगा भाई।' इस वीडियो पर ज्यादातर लोग विराट कोहली की आलोचना कर रहे हैं।
