इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मैच नंबर-67 में शुक्रवार को (22 मई) सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का आमना-सामना हुआ। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में SRH ने 55 रन से जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी पैट कमिंस की कप्तानी वाली टीम ने 4 विकेट के नुकसान पर 255 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में RCB 4 विकेट खोकर 200 रन ही बना सकी।
इस बड़ी हार के बावजूद RCB ने पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 पर फिनिश किया। डिफेंडिंग चैंपियन टीम अब क्वालिफायर 1 में गुजरात टाइटंस से टकराएगी, जिसने दूसरे पायदान पर रहकर लीग स्टेज का समापन किया है। दूसरी तरफ SRH को एलिमिनेटर खेलना होगा। उसे टॉप-2 में फिनिश करने के लिए RCB को 166 या उससे नीचे रोकना जरूरी था। SRH ने पावरप्ले में ही वेंकटेश अय्यर (44) और विराट कोहली (15) के विकेट झटक लिए थे और उसकी उम्मीदें जग गई थीं लेकिन रजत पाटीदार (39 गेंद में 56 रन) और क्रुणाल पंड्या (31 गेंद में नाबाद 41 रन) ने उसके आरमानों पर पानी फेर दिया।
यह भी पढ़ें: प्लेऑफ करीब आते ही बुरी तरह पिटे RCB के गेंदबाज, भुवी ने बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड
SRH की ऐसी रही पारी
पहले बैटिंग करते हुए SRH ने तूफानी शुरुआती की। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने 4 ओवर में ही 45 रन कूट दिए। रसिख सलाम डार ने हेड (26) को क्लीन बोल्ड कर RCB को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद अभिषेक ने ईशान किशन के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और 22 गेंद में 56 रन की आतिशी पारी खेली। अभिषेक के आउट होने के बाद ईशान और हेनरिक क्लासेन के बीच हुई विस्फोटक साझेदारी ने बड़े स्कोर की नींव रखी। क्लासेन 24 गेंद में 51 रन की पारी खेलकर 17वें ओवर में आउट हुए। इस समय तक SRH का स्कोर 210 रन हो चुका था।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 के बीच CSK स्टार ने लिया संन्यास, सोशल मीडिया पर किया भावुक पोस्ट
ईशान और नीतीश कुमार रेड्डी ने 22 गेंद में 45 रन जोड़ SRH को 250 के पार पहुंचाया। ईशान ने 46 गेंद पर 79 रन जड़े। वहीं नीतीश रेड्डी ने 12 गेंद में नाबाद 29 रन बनाए। RCB के भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और रसिख सलाम डार तीनों ने अपने कोटे के 4 ओवर में 50 से ज्यादा रन लुटाए। हालांकि अंत में RCB को यह भारी नहीं पड़ा और उसने क्वालिफायर 1 में जगह बना लिया।