बांग्लादेश 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान को 78 रन से हरा दिया। सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मेजबान बांग्लादेश ने 437 रन का टारगेट रखा था, जिसके जवाब में पाक टीम मुकाबले के आखिरी दिन (20 जून) 358 रन पर सिमट गई। बांग्लादेश ने इस जीत के साथ सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप किया। बांग्लादेश ने लगातार दूसरी टेस्ट सीरीज पाकिस्तान का सूपड़ा साफ किया है।
इससे पहले 2025 में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को उसके घर में भी 2-0 से हराया था। कयास लगाए जा रहे थे कि पाक टीम बांग्लादेश में जाकर इस हार का बदला लेगी लेकिन उसे मुंह की खानी पड़ी है। पाक टीम की इस हार से टीम इंडिया को झटका लगा है। भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) रैंकिंग में एक पायदान खिसककर छठे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं बांग्लादेश ने पांचवें स्थान पर कब्जा जमा लिया है। पाकिस्तान की टीम आठवें नंबर पर पहुंच गई है।
यह भी पढ़ें: लखनऊ को 7 विकेट से हराया राजस्थान, प्लेऑफ क्वालीफाई करने से 1 जीत दूर
भारत ने इस साल नहीं खेला कोई टेस्ट
WTC के मौजूदा साइकल में बांग्लादेश के 58.33 प्रतिशत पॉइंट्स हो गए हैं। उसने अब तक 4 टेस्ट खेले हैं, जिसमें उसने 2 जीते हैं और एक मुकाबला गंवाया है। वहीं बांग्लादेश ने एक टेस्ट मैच ड्रॉ कराया है। दूसरी तरफ भारतीय टीम ने 9 टेस्ट में से 4 जीते हैं और 4 हारे हैं। शुभमन गिल ब्रिगेड ने एक मुकाबला ड्रॉ कराया है। उसके 48.15 प्रतिशत पॉइंट्स हैं।
भारतीय टीम ने इस साल कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है। टीम इंडिया का अगले महीने इकलौते टेस्ट मैच में अफगानिस्तान से टकराएगी, जो WTC का हिस्सा नहीं है।
WTC रैंकिंग में फिलहाल ऑस्ट्रेलिया (87.50 प्रतिशत पॉइंट्स) और न्यूजीलैंड (77.78 प्रतिशत पॉइंट्स) टॉप-2 में है। मौजूदा चैंपियन साउथ अफ्रीका तीसरे पायदान पर है। उसके 75 प्रतिशत पॉइंट्स हैं।
यह भी पढ़ें: ऐक्शन में दिखेंगे रोहित-कोहली, BCCI ने पंत से छीनी उपकप्तानी
क्या रहा BAN vs PAK मैच का हाल?
मैच की बात करें तो बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 278 रन बनाए थे। इसके जवाब में पाक टीम अपनी पहली पारी में 232 रन पर सिमट गई थी। बांग्लादेश को 46 रन की बढ़त मिली। नजमुल हसन शांटो की कप्तानी वाली टीम ने दूसरी पारी में 390 रन बनाए और पाकिस्तान को मुश्किल टारगेट दिया, जिसके जवाब में पाक टीम ने अच्छा फाइट दिखाया लेकिन वह 78 रन पीछे रह गई।
बांग्लादेश के विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। लिटन ने पहली पारी में 126 और दूसरी पारी में 69 रन बनाए थे। अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे। रहीम ने इस सीरीज में 253 रन बनाए।


