युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने क्रिकेट से रिटायरमेंट को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने खिलाड़ियों के खेल छोड़ने के लिए उनकी पत्नियों को जिम्मेदार ठहराया है। योगराज सिंह का मानना है कि जब खिलाड़ी 40 साल के होने लगते हैं, तो उनकी पत्नियां उन्हें घर और बच्चों को संभालने की सलाह देने लगती हैं, जो उनके खेल छोड़ने की मुख्य वजह बनती है। उन्होंने साफ कहा कि महिलाओं को खिलाड़ियों के करियर के बीच में नहीं आना चाहिए।

 

योगराज सिंह ने एक इंटरव्यू में बताया कि भारत में लोग 40 साल के होते ही खुद को बूढ़ा समझने लगते हैं। उनका कहना है कि घर की महिलाएं और पत्नियां खिलाड़ियों को खेल छोड़कर परिवार पर ध्यान देने के लिए कहती हैं, जो बिल्कुल गलत है।

 

योगराज के मुताबिक खिलाड़ी और फकीर का कोई धर्म या जात नहीं होती और वे जब तक चाहें तब तक मैदान पर खेल सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपनी जिम में बुजुर्गों को फिट रखने के लिए खास ट्रेनिंग देते हैं ताकि लोग उम्र को खेल के आड़े न आने दें।

 

यह भी पढ़ें: लड़के से लड़की बनने तक अनाया का सफर कैसा रहा? सर्जरी के बाद खुद बताया

रोहित और विराट के रिटायरमेंट पर कही यह बात

योगराज सिंह ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के खेल छोड़ने की चर्चाओं को भी गलत बताया है। उन्होंने कहा कि रोहित और विराट अभी युवा हैं और उन्हें रिटायरमेंट के बारे में नहीं सोचना चाहिए। उन्होंने सलाह दी कि अगर कोई खिलाड़ी 50 साल की उम्र में भी डबल सेंचुरी बना रहा है, तो उसे टीम से बाहर नहीं किया जा सकता। उन्होंने दोनों को दुनिया को अपनी ताकत दिखाने और यह साबित करने को कहा कि उनकी जगह कोई और नहीं ले सकता।

 

यह भी पढ़ें: प्रैक्टिस सेशन से बुमराह गायब, क्या मुंबई इंडियंस के लिए खेलेंगे पहला मैच?

MS धोनी की फिटनेस पर की जमकर तारीफ 

इस बयान के साथ ही योगराज सिंह ने पूर्व कप्तान MS घोनी की बहुत तारीफ की है। उन्होंने कहा कि धोनी ने अपनी फिटनेस और मेहनत से खुद को पूरी तरह सही साबित किया है। योगराज के मुताबिक धोनी अगले 10 साल तक और आईपीएल खेल सकते हैं। उन्होंने धोनी के मजबूत हाथों और फिटनेस का जिक्र करते हुए कहा कि जब वह फिट हैं और अच्छा खेल रहे हैं, तो किसी को भी उन्हें रिटायर होने के लिए कहने का कोई हक नहीं हैं।