उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में रविवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे हुआ। तरबगंज थाना क्षेत्र की कटहा ग्राम पंचायत में छत ढलाई का काम कर रहे 20 वर्षीय मजदूर की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पथर भरतपुर गांव निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अमित एक निर्माणाधीन मकान की छत ढलाई के काम में लगा हुआ था। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज हवाएं चलने लगीं। हवा के कारण पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन झुक गई और उसका सिर तार के संपर्क में आ गया। करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही गिर पड़ा।
यह भी पढ़ें: यूपी में डबल मर्डर: अवैध संबंध का था शक, मोमिन ने पिता-पत्नी को मार डाला
नहीं बच सकी जान
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग तुरंत उसे तरबगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
अमित चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसका बड़ा भाई अंकुश और पिता मैनेजर चौहान भी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि दो छोटे भाई अभिषेक और अखिलेश अभी पढ़ाई कर रहे हैं। परिवार में किसी की शादी नहीं हुई है। छोटे भाई अखिलेश ने बताया कि तेज हवा के कारण अचानक यह हादसा हुआ, जिसने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।
यह भी पढ़ें: बिहार में चोर बन रहे अधिकारी! हूटर वाली कार से लूट रहे सोना
प्रशासन ने शुरू की जांच
इस घटना को लेकर SDO मुकेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और नियमों के अनुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं थाना प्रभारी श्रीधर पाठक ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और बिजली विभाग को भी सूचना दे दी गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
