उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में रहने वाले एक पिता ने अपनी 11 साल की दो जुड़वा बेटियों का गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिता ने रात के 2 से 2:30 बजे के बीच बेटियों की हत्या की थी, उसके बाद सुबह 4:30 बजे पुलिस को फोन कर जानकारी दी थी। मर्डर की जानकारी बेटियों की मां को पुलिस ने दी, जो बगल वाले कमरे में सो रही थी। बेटियों की हत्या के बाद मां और पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
पुलिस को घटना की जानकारी रविवार की सुबह मिली थी। आरोपी पिता कानपुर जिले के नौबस्ता थाना क्षेत्र के त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में रहता था। आरोपी पिता का नाम अभिरंजन है, जिसके तीन बच्चे थे। पुलिस के मुताबिक अभिरंजन पिछले कई दिनों से डिप्रेशन की बीमारी से जूझ रहा था। इसके अलावा अभिरंजन का पत्नी के साथ मतभेद था। पुलिस फिलहाल मर्डर की वजह जानने की कोशिश कर रही है। मृत बेटियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: 'DM साहब, जिंदा हूं मैं...', कागजों में मुर्दा बताया तो कफन ओढ़कर लेट गया शख्स
क्या मतभेद की वजह से की हत्या?
आरोपी अभिरंजन और रेशमा ने 13 साल पहले लव मैरिज की थी। उनकी जुड़वा बेटियों के नाम रिद्धी-सिद्धी थे। अभिरंजन दवा का बिजनेस करता था। पुलिस के मुताबिक अभिरंजन का पिछले कई दिनों से पत्नी के साथ झगड़ा हो रहा था। इसी वजह से शनिवार की रात को अभिरंजन और उसकी पत्नी अलग-अलग कमरों में सोने गए थे।
अभिरंजन अपनी बेटियों के कमरे में सो रहा था, वहीं दूसरी तरफ पत्नी रेशमा अपने छोटे बेटे के कमरे में सो रही थी। पुलिस ने शुरुआती जांच में बताया है कि पारिवारिक कलह की वजह से हत्या की गई थी लेकिन हत्या की ठोस वजह क्या है, इसके लिए पुलिस अभिरंजन से पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़ें: अंधेरी खाई में गिरे, चीखते रहे, फोन भी डेड, तड़पकर कर मर गए 2 छात्र
रेशमा को मर्डर की जानकारी किसने दी ?
पुलिस ने बताया है कि रेशमा को मर्डर की जानकारी पुलिस ने ही दी थी। जब अभिरंजन ने बच्चियों की हत्या की तो सबसे पहले इसकी जानकारी पत्नी के बजाय पुलिस को दी। उस दौरान रेशमा दूसरे कमरे में सो रही थी। जब पुलिस अभिरंजन के घर पहुंची, तो उन्होंने ही रेशमा को जगाया और घटना के बारे में बताया। मर्डर की जानकारी मिलने के बाद रेशमा की हालत खराब है, उनकी आंखें नम हैं।
