उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से सूदखोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति द्वारा 15 साल पहले लिए गए मात्र 8 हजार रुपये के कर्ज के बदले अब गांव का एक कथित सूदखोर उससे 111 करोड़ रुपये से अधिक की मांग कर रहा है। मामले की शिकायत जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से किए जाने के बाद जांच शुरू कर दी गई है।

 

अमेठी निवासी लीलावती ने जिलाधिकारी संजय चौहान और पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके पति शिवशरण ने करीब 15 साल पहले इंदिरा आवास बनवाने के लिए गांव के राम अभिलाष नाम के व्यक्ति से 8 हजार रुपये ब्याज पर उधार लिए थे। आरोप है कि अब सूदखोर मूलधन और ब्याज जोड़कर 111 करोड़ रुपये से अधिक की रकम मांग रहा है।

जमीन नाम करने का दबाव

महिला का कहना है कि आरोपी लगातार दबाव बनाते हुए कह रहा है कि या तो पूरा हिसाब चुकाओ या फिर अपनी जमीन और मकान उसके नाम कर दो लीलावती ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी कुछ जमीन पर ईंट-पत्थर रखकर कब्जा करने का प्रयास किया गया है।

 

यह भी पढ़ें: लखनऊ में खेल रहे बच्चे पर गिरा गेट, दबकर चली गई जान; लापरवाही आई सामने

डीएम ने दिए जांच के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी संजय चौहान ने जांच के आदेश देते हुए प्रकरण को क्षेत्राधिकारी (सीओ) तिलोई को सौंप दिया है। सीओ ने महिला के बयान दर्ज कर लिए हैं और आरोपी को पूछताछ के लिए तलब किया है।

साहूकारी लाइसेंस की भी होगी जांच

जिलाधिकारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच साहूकारी नियमों के तहत कराई जाएगी। यदि संबंधित व्यक्ति बिना वैध लाइसेंस के ब्याज पर धन देने का कारोबार कर रहा है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 15 सालों में 8 हजार रुपये का कर्ज बढ़कर 111 करोड़ रुपये होना प्रथम दृष्टया असामान्य और गंभीर मामला प्रतीत होता है। इसलिए ब्याज की गणना और लेन-देन से जुड़े सभी दस्तावेजों की गहन जांच कराई जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: स्विमिंग पूल में 10 फीट की ऊंचाई से कूदा युवक, फर्श से टकराया सिर, मौत हो गई

शिकायत के बाद मोबाइल बंद कर हुआ फरार

महिला की शिकायत की जानकारी मिलते ही आरोपी राम अभिलाष कथित रूप से मोबाइल फोन बंद कर गायब हो गया है। जांच कर रहे अधिकारियों ने कई बार उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। पुलिस अब गांव में जाकर आरोपी के बारे में जानकारी जुटा रही है और उसकी तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।