तेलंगाना में एक महिला तहसीलदार के पास 20 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता चला है। इसी साल मई महीने में रिश्वत मामले में तहसीलदार टी सुचरिता को गिरफ्तार किया गया था। अभी वह न्यायिक हिरासत में है। जांच में तहसीलदार के पास सोना, चांदी, हीरा, फ्लैट और कृषि जमीन मिली है। तहसीलदार टी सुचरिता शमीरपेट में तैनात थी। 

 

भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो (ACB) ने तहसीलदार के चार ठिकानों पर दबिश दी। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एसीबी ने बुधवार को तहसीलदार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया और गुरुवार को उनके रिश्तेदारों, आवास और तहसीलदार टी. सुचरिता के सहयोगियों के यहां दबिश दी। अभी तक की जांच में तहसीलदार के पास आय से अधिक संपत्ति मिली है।

 

यह भी पढ़ें: राजस्थानी बबिता कैसे जैश आतंकियों की बन गई करीबी? खुल रहे राज

तीन फ्लैट और दो प्लॉट मिले

एसीबी के मुताबिक जांच में दो कार, 12 लाख रुपये कैश, 38 लाख रुपये बैंक बैलेंस, 1.2 करोड़ रुपये के सोने और हीरे के जेवरात मिले हैं। सिद्दीपेट जिले के दमरकुंटा गावं में दो एकड़ और 17 गुंटा खेत, कीसारा और खानमेट में दो प्लॉट और शहर में तीन फ्लैट मिले हैं। इन संपत्तियों का कुल दस्तावेजी मूल्य 5.05 करोड़ रुपये है।

 

यह भी पढ़ें: फरीदाबाद: पति ने बाल्टी में सिर डुबोकर पत्नी को मार डाला, 6 महीने की थी गर्भवती

30 लाख रुपये घूस मांगने का आरोप

26 मई को सुचरिता को 2 लाख रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया था। उन पर 30 लाख रुपये की घूस मांगने का आरोप है। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि 12 एकड़ कृषि भूमि के कागजात मिले हैं। इनकी भी जांच की जा रही है। संपत्तियों का कुल बाजार मूल्य लगभग 20 करोड़ रुपये होगा।