खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का अधिकारी बताकर लोगों को ठगने वाले एक शातिर को बिहार के कटिहार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी ईमेल आईडी और नकली सरकारी दस्तावेज बनाकर लोगों से पैसे ऐंठता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के रेवतीपुर थाना क्षेत्र के उत्रौली गांव निवासी 29 वर्षीय अजहर अंसारी के रूप में हुई है। कोढ़ा थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। इस संबंध में कोढ़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

 

पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को IB का बड़ा अधिकारी बताकर लोगों को अपने झांसे में लेता था। जांच में सामने आया है कि वह फर्जी IB की ईमेल आईडी बनाता था। उसी ईमेल से लोगों को सरकारी लेटर भेजकर डराता था। आरोपी गोपनीय दस्तावेजों की नकली कॉपी भी तैयार करता था। वह कंप्यूटर और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से फर्जी सरकारी और कानूनी दस्तावेज बनाकर लोगों को दिखाता था। इन्हीं नकली कागजात के दम पर लोगों का भरोसा जीतता और फिर उनसे पैसे ऐंठता था।

 

यह भी पढ़ें: डिलीवरी बॉय बनकर अवैध हथियारों की सप्लाई कर रहे थे तस्कर, 4 आरोपी गिरफ्तार

 

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कोढ़ा इलाके में एक युवक खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का अधिकारी बताकर लोगों से ठगी कर रहा है। इसके बाद कोढ़ा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई और कार्रवाई शुरू की गई। टीम में SI विवेक विक्रम, SI गोपाल कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के पास से मिले कई फर्जी दस्तावेज

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से कई संदिग्ध दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए हैं। बरामद सामानों में फर्जी IB के लेटर पैड, सरकारी सील की फोटो कॉपी, फर्जी पहचान पत्र और कई मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस अब इन सभी दस्तावेजों की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आरोपी अकेले काम नहीं कर रहा था। उसके तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। इसीलिए पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ी जोड़ने में जुटी है।

 

यह भी पढ़ें: वर्दी की आड़ में बड़ा खेल, राहगीर को लूटा; इंस्पेक्टर समेत 4 पर FIR

 

कोढ़ा पुलिस अभी आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है। पूछताछ में यह पता लगाया जा रहा है कि उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। उसने अब तक कितने लोगों को निशाना बनाया है। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त कर लिया है। इन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। इससे ठगी के पूरे रैकेट का खुलासा होने की उम्मीद है। इस मामले के सामने आने के बाद कोढ़ा पुलिस ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि आजकल ठग नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कोई खुद को बैंक अधिकारी, कोई कस्टम अधिकारी तो कोई आईबी अधिकारी बताकर लोगों को डराता है और ठगी करता है।