बिहार के पूर्वी चंपारण जिले की छताउनी पुलिस ने कुख्यात अपराधी नरेश पांडे के बरहाई टोला स्थित ठिकानों पर बड़ी रेड मारकर उसके आर्थिक और आपराधिक नेटवर्क को जबरदस्त झटका दिया है। ट्रेनी DSP के नेतृत्व में भारी पुलिस फोर्स के साथ चलाए गए इस ऑपरेशन के दौरान, पुलिस ने लगभग 16 लाख रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन, नेपाली करेंसी, एक लोडेड देसी पिस्तौल, छह जिंदा कारतूस, शराब की बोतलें, भारी मात्रा में सोने-चांदी के गहने और जमीन के दो दर्जन से ज्यादा कागजात बरामद किए।
छापेमारी की भनक लगते ही कुख्यात नरेश पांडे पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने उसके एक सहयोगी उज्जवल कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और नरेश पांडे के नेटवर्क और उसके अन्य ठिकानों के बारे में जानकारी जुटा रही है। छापेमारी के दौरान पुलिस को घर से भारी मात्रा में नकदी मिली। नोट गिनने की मशीन भी बरामद हुई, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यहां बड़े पैमाने पर नकदी का लेन-देन होता था।
यह भी पढ़ें: खगड़िया में मुठभेड़, पुलिस से पिस्टल छीनने वाला बदमाश घायल; दो की तलाश
18 मामलों का आरोपी है नरेश पांडे
पुलिस के मुताबिक नरेश पांडे के खिलाफ हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट सहित करीब 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। लंबे समय से उसकी गतिविधियों पर पुलिस की नजर थी। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में बरामद सामान के बाद अब जांच और तेज कर दी गई है। SP स्वर्ण प्रभात ने बताया कि नरेश पांडे रंगदारी और जमीन कब्जे के मामलों में सक्रिय था। उसके तार आसपास के जिलों से भी जुड़े होने की आशंका है।
जमीन के कागजात और संपत्ति की होगी जांच
पुलिस ने मौके से बरामद दो दर्जन से अधिक जमीन के दस्तावेज, नकदी और आभूषणों की वैधता की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि ये दस्तावेज किस-किस जमीन से जुड़े हैं और इन्हें अवैध तरीके से तो नहीं हासिल किया गया है। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद नकदी और आभूषण रंगदारी, अवैध कारोबार या किसी अन्य संगठित अपराध से जुड़े तो नहीं हैं। नोट गिनने की मशीन और नेपाली करेंसी मिलने से पुलिस को शक है कि नरेश पांडे का नेटवर्क सीमा पार तक फैला हो सकता है।
छापेमारी में पुलिस ने घर से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं। साथ ही शराब की बोतलें भी मिली हैं। आभूषणों की कीमत और उनके स्रोत के बारे में भी जांच की जा रही है। पुलिस ने घर से एक लोडेड देसी कट्टा और 6 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। इससे साफ है कि नरेश पांडे अपने पास हथियार भी रखता था।
यह भी पढ़ें: सीवान: सांसद के फर्जी हस्ताक्षर और लेटरहेड से करता था फर्जीवाड़ा, क्लर्क सस्पेंड
गिरफ्तारी के लिए चल रही छापेमारी
फरार नरेश पांडे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जिले के विभिन्न इलाकों में छापेमारी तेज कर दी है। उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने उसके रिश्तेदारों और करीबी लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद बढ़ई टोला और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नरेश के नाम से लोग डरते थे। उस पर रंगदारी और जमीन कब्जे के कई आरोप हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद दस्तावेजों और पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
