बिहार के समस्तीपुर जिले में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया गांव में स्कूल जा रही एक छात्रा को बाइक सवार बदमाशों ने बीच सड़क पर गोली मार दी। गोली लगते ही छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है। मृत लड़की की पहचान कैजिया गांव निवासी उमेश ठाकुर की 17 साल की बेटी सोनम कुमारी के रूप में हुई है। वह 12वीं की छात्रा थी और रोज की तरह सुबह स्कूल ड्रेस पहनकर घर से निकली थी।
इस मामले को लेकर परिजन ने बताया कि सोनम सुबह करीब 8 बजे घर से स्कूल के लिए निकली थी। घर से थोड़ी ही दूर मलंग स्थान के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया, जिसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बदमाशों ने छात्रा को नजदीक से गोली मारी और मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो वह सड़क पर खून से लथपथ पड़ी थी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए हैं। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
यह भी पढ़ें: पति और देवर को नींद की गोलियां खिलाईं, रुपये और गहने लेकर फरार, पुलिस का खुलासा
शादी के लिए दबाव बना रहा था युवक
मृतका के पिता उमेश ठाकुर ने पुलिस को बताया कि घटना से एक दिन पहले सोनम ने घर में बताया था कि गांव का ही एक युवक उस पर शादी करने का दबाव बना रहा है। युवक ने धमकी भी दी थी कि अगर उसने शादी नहीं की, तो उसे गोली मार देगा। पिता ने कहा कि बेटी ने इस बात की जानकारी शिक्षकों और गांव के कुछ लोगों को भी दी थी लेकिन किसी ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया। अब उसी आशंका के चलते उनकी बेटी की हत्या कर दी गई।
पुलिस और सदर डीएसपी संजय कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। डीएसपी ने बताया कि पुलिस इस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश, दोनों एंगल से जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड हुई तेज बारिश, पाइप में फंसा 6 साल का बच्चा, नहीं बचा पाया प्रशासन
गांव में मातम और आक्रोश
सोनम की हत्या की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। स्कूल और घर के बीच कुछ ही दूरी पर हुई इस वारदात से अभिभावकों में भी दहशत है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की घटना के बाद बेटियों को स्कूल भेजना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उन्हें कड़ी सजा दी जाए। वहीं, पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
