राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया है। इसे एक बड़ी आतंकी साजिश माना जा रहा है क्योंकि मंगलवार-बुधवार की रात रेलवे ट्रैक पर एक जोरदार धमाका ट्रेन के गुजरने के ठीक बाद हुआ। इसी ट्रैक से 45 मिनट पहले ही एक पैसेंजर ट्रेन गुजरी थी। ब्लास्ट इतना जोरदार था कि ट्रैक के नीचे बिछाए जाने वाले सीमेंट के 2 गर्डर ही फट गए। माना जा रहा है कि ट्रेन को ही निशाना बनाने की साजिश थी लेकिन यह धमाका देरी से हुआ।    

 

गनीमत रही कि उस दौरान ट्रैक के आसपास कोई भी शख्स मौजूद नहीं था जिसके चलते किसी को चोट नहीं आई है। इतना जरूर बताया जा रहा है कि धमाका इतना जोरदार था कि आवाज पास के गांव में मौजूद घरों तक पहुंची। फिलहाल, घटनास्थल पर जांच की जा रही है और इस रूट से गुजरने वाली ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हुआ है।

 

यह भी पढ़ें: असम फायरिंग केस का आरोपी एनकाउंटर में ढेर, पुलिस बोली, 'हथियार छीन रहा था'

क्या बोले पुलिस अधिकारी?

श्री गंगानगर के एसपी हरिशंकर ने बताया है कि अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर 50 GB गांव के पास रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके के बाद ट्रैक के नीचे के 2 सीमेंट पिलर ध्वस्त हो गए हैं। उन्होंने आगे कहा है, 'सबूतों की जांच करने के लिए FSL की टीम बुलाई गई है। फिलहाल इस घटना की प्रकृति के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है। हाल ही में सीमावर्ती इलाके में मिले 7.5 किलो RDX से इसका संबंध है या नहीं यह अभी स्पष्ट नहीं है। इस मामले में जांच की जा रही है।'

 

यह भी पढ़ें: सफारी कार से ले जा रहे थे 20 हजार कारतूस, पुलिस ने 3 तस्करों को किया गिरफ्तार

    

एसपी हरिशंकर ने आगे बताया, 'मैंने और मेरी टीम ने घटनास्थल का दौरा किया है। रेलवे के अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। फरेंसिक और बम निरोधक दस्ता भी आ रहा है। एक बार वे आ जाएं तभी हम ज्यादा चीजें बता पाएंगे। अभी कुछ भी निष्कर्ष निकालना सही नहीं होगा कि यह धमाका था या नहीं। अभी हम जांच करके चीजें पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। इसका हाल ही में जब्त हुए RDX से कोई लिंक नहीं मिला है।'