शादी के लिए लड़का तलाश कर रही एक लड़की के साथ 30 लाख के फ्रॉड का मामला सामने आया है। यह मामला चंडीगढ़ से सामने आया है, जहां पंचकूला की रहने वाली एक लड़की चंडीगढ़ के सेक्टर 20 की पीजी में रहकर पढ़ाई करती थी। वह शादी के लिए मैट्रिमोनियल साइट पर लड़का देख रहे थी। उसको वहां लड़का मिला और उस लड़के ने अपने पेज पर खुद को IPS बताया हुआ था। लड़के ने पहले लड़की का भरोसा जीता और बाद में वह उसके साथ ठगी करने लगा। जब लड़की को शक हुआ तो उसने पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी लड़के को गिरफ्तार कर लिया है।
चंडीगढ़ सेक्टर 19 की SHO सरिता रॉय ने बताया कि उन्होंने लड़की की शिकायत पर आरोपी लड़के को हरियाणा के हिसार से गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा, 'लड़की को लड़का मैट्रिमोनियल साइट पर मिला और वह खुद को IPS अधिकारी बता रहा था। बाद में इनकी मुलाकात हुई और फिर धीरे-धीरे लड़के ने लड़की को अपनी एक दुख भरी कहानी सुनाई कि उसकी मां बीमार है और उसे उसकी मदद चाहिए। उसने लड़की से लगभग 30 लाख रुपए ऐंठ लिए।'
यह भी पढ़ें: मेरठ के कुख्यात नीला ड्रम केस में मुस्कान और साहिल दोषी, अभी सजा का ऐलान नहीं
लड़की का अकाउंट खुलवाया
SHO सरिता रॉय ने बताया कि आरोपी लड़के ने लड़की का एक बैंक अकाउंट खुलवाया था और उसका इस्तेमाल वो खुद कर रहा था। बैंक का एटीएम और चेकबुक समेत तमाम कागज लड़के के पास ही थे। इस अकाउंट में उसने कथित तौर पर अवैध ट्रांजेक्शन किए थे। इस बारे में लड़की को कोई भी जानकारी नहीं थी। लड़के ने पहले ही चालाकी से लड़की के नाम पर एक सिम लिया और बाद में उस सिम को खुद अपने पास रखा ताकि लड़की को उसके बैंक अकाउंट के ओटीपी और ट्रांजेक्शन डिटेल्स ना जाएं।
कैसे हुआ खुलासा?
सब कुछ लड़के के प्लान के अनुसार चल रहा था लेकिन कुछ महीने बाद ही लड़की का बैंक अकाउंट बंद हो गया। इसके बाद लड़के ने लड़की को कहा कि अकाउंट खुलवाना पड़ेगा। लड़की को लड़के पर शक हुआ। लड़की ने खुद जाकर बैंक मैनेजर से बात की और फिर उसे पूरा सच पता चला। बैंक मैनेजर ने लड़की को उसके अकाउंट से हो रही ट्रांजेक्शन के बारे में बताया।
आरोपी गिरफ्तार
बैंक मैनेजर से बात करने के बाद लड़की ने पुलिस से संपर्क किया और आरोपी के खिलाफ खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने FIR दर्ज की और मामले की डांच शुरू की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के घर से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे एक दिन की रिमांड पर रखा और पूछताछ की। इसके बाद अब आरोपी न्यायिक हिरासत में है। पुलिस ने बताया कि अभी तक आरोपी की पुरानी हिस्ट्री सामने नहीं आई है और अगर कोई लड़की पहले ट्रैप में आई होगी तो अब वह सामने आ जाएगी।
यह भी पढ़ें: दिल्ली के तीन बड़े रेलवे स्टेशनों पर मिलेगा साफ पानी, रेलवे ने शुरू किया अभियान
पुलिस ने की अपील
SHO सरिता रॉय ने लड़कियों और उनके परिवार वालों से अपील की कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले किसी भी व्यक्ति पर आसानी से भरोसा ना करें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगर किसी भी स्टेज पर लड़कियों को कुछ महसूस होता है तो वह पुलिस के पास आ सकती हैं और उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले में लड़की Phd स्कॉलर है और फिर भी वह इसके ट्रैप में फंस गई। ऐसे में कोई भी ऐसे ट्रैप में फंस सकता है तो सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने यह भी बताया कि अभी इस मामले में आगे की जांच जारी है।
