उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने एकतरफा प्यार के चलते 1.5 साल के बच्चे की हत्या कर दी। आरोपी शख्स ने एक गली में बच्चे को बार-बार जमीन पर पटका, जिससे उसे कई गंभीर चोटें लगीं। इसी दौरान बच्चे की जान चली गई। इस घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।बच्चे की मां ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी शख्स को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर हमला किया था, इसलिए पुलिस ने उसके पैरों पर गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह घटना शिकोहाबाद थाना क्षेत्र की है। मृत बच्चे का नाम आरव था। मृत बच्चे की मां रीति हैं, जिन्होंने बताया कि आरोपी उनके पति की बुआ का बेटा है, जिसका नाम विराज है। रीति के मुताबिक, विराज उनसे शादी करना चाहता था लेकिन उन्होंने उसे मना कर दिया था। इनकार करते समय रीति ने बताया था कि उनका 1.5 साल का बच्चा है, इसलिए वह विराज से शादी नहीं करना चाहती थीं। इसी वजह से विराज ने 30 मई के दिन रीति के बच्चे की जान ले ली। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी विराज भी इस समय अस्पताल में भर्ती है क्योंकि पुलिस की गोली उसके पैरों में लगी थी।
यह भी पढ़ें: 'चलो कुर्बानी दिखाते हैं', बोलकर दोस्त को मार डाला, खुलासा हुआ, फिर...
विराज करता था एकतरफा प्यार
रीति की तीन साल पहले सुनीत से शादी हुई थी। जल्द ही पति-पत्नी के बीच आपसी मतभेद शुरू हो गए, जिसके कारण रीति अपने पति का घर छोड़कर मायके चली गई थीं। इसके बाद सुनीत की बुआ के बेटे विराज ने जाहिर किया कि वह रीति से प्यार करता है। उसने यह बात रीति से कही थी, लेकिन रीति ने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया था।
कैसे की बच्चे की हत्या?
रीति आरव के साथ आरव कॉलोनी में गई थीं, जहां वह पुष्पलता से मिलने पहुंची थीं। हाल ही में पुष्पलता का एक्सीडेंट हुआ था। 30 मई की दोपहर विराज भी रीति से मिलने वहीं पहुंच गया। इसके बाद वह आरव को गोद में उठाकर ट्रॉफी दिलाने के बहाने घर से बाहर ले गया।
घर से निकलने के बाद विराज ने आरव को 8 बार जमीन पर पटका। इसके बाद वह बच्चे को उठाकर वापस पुष्पलता के घर के पास पहुंचा और घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया। जब परिजनों की नजर आरव पर पड़ी तो वे हैरान रह गए। आरव को गंभीर चोटें लगी थीं, इसलिए उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: बिहार में 40 लाख की डकैती, बदमाशों ने सर्राफा कारोबारी को मारी गोली; गहने छीने
पुलिस ने किया एनकाउंटर
आरव की मौत के बाद रीति ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने विराज की तलाश शुरू कर दी थी। जब पुलिस को सूचना मिली कि विराज भूढ़ा भरथरा मोड़ पर मौजूद है, तो पुलिस तुरंत वहां पहुंची।
पुलिस के अनुसार, विराज ने पुलिस पर बंदूक से फायरिंग शुरू कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षा के लिए फायरिंग की, जिससे विराज के दोनों पैरों में गोली लग गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
