उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक महिला की लोहे की मूसली से वार करके हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 20 वर्षीय पायल गीरि के रूप में हुई है। मामला बुखारीपुर गांव का है। शुक्रवार सुबह वारदात को अंजाम दिया गया। शुरुआत में घरवालों को लगा कि पायल की मौत चोट लगने से हुई। मगर पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज ने पूरी कहानी पलट दी।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस टीम जब बुखारीगांव पहुंची तो रसोई में उसे खून से लथपथ एक लोहे की मूसली मिली। घर में लगे सीसीटीवी फुटेज को जब खंगाला गया तो हैरान करने वाला खुलासा हुआ। फुटेज में मृतका की ददिया सास रसोई के बाहर लोहे की मूसली रखते दिखी। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से महिला की हत्या का खुलासा हुआ।
यह भी पढ़ें: गाड़ियां फूंकीं, पथराव किया... कई राउंड फायरिंग; TDP और YSRCP में झड़प
68 वर्ष की ददिया सास पर हत्या का आरोप
शक गहराने पर पुलिस ने ददिया सास से पूछताछ की तो मामले का खुलासा हो गया। आशंका जताई जा रही है कि पहले पायल पर मूसली से हमला किया गया। बेसुध होने के बाद उसका गला दबाया गया। पुलिस ने फुफेरे भाई और ननद समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। अमरोहा के एएसपी अखिलेश भदौरिया का कहना है कि शुरुआती जांच में संपत्ति विवाद और पारिवारिक कलह में हत्या की बात सामने आई है। ददिया सास क्रांति गीरि की उम्र 68 वर्ष है। अभी वे फरार चल रही हैं।
28 सितंबर को पति की हुई मौत
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक बुखारीपुर गांव के रहने वाले उमराव गीरि अपने पीछे दो बेटे, चार बेटियों और अपनी पत्नी क्रांति गीरि को छोड़कर स्वर्गवासी हो गए थे। छोटे बेटे संतोष की शादी नहीं हुई, उससे पहले ही उसका निधन हो गया। बड़े बेटे राकेश की 2016 में मौत हुई। राकेश के बेटे दीपक का पिछले साल कुआडाली गांव की रहने वाली पायल के साथ विवाह हुआ। घरेलू कलह के चलते दीपक ने 13 सितंबर को कीटनाशक पी लिया। 28 सितंबर को उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। वह अपने पीछे दो माह की बेटी को छोड़ गया।
यह भी पढ़ें: कानपुर: होमगार्ड भर्ती में रिश्वतखोरी, मेडिकल निरस्त, 3 आरोपी गिरफ्तार
जमीन विवाद में हत्या का शक
रिपोर्ट के मुताबिक दोनों बेटों की मौत के बाद उमराव गीरि ने पोते दीपक के नाम 15 बीघे जमीन की थी। इसमें से दीपक ने 5 बीघा बेच दिया था। बाकी 10 बीघा जमीन उसी के नाम थी। अब पुलिस मामले की जांच संपत्ति विवाद के एंगल से कर रही है, क्योंकि दीपक की मौत के बाद यह जमीन पायल के नाम आ जाती। उधर, लोगों के गले से हत्याकांड की कहानी नहीं उतर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि 68 वर्षीय महिला अकेले वारदात को अंजाम नहीं दे सकती है। लोगों ने किसी और के भी शामिल होने का शक जताया।
