पंजाब के तरनतारन जिले से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। यहां पत्नी को मनाने उसके मायके पहुंचे पति को जिंदा जला दिया गया। बीच-बचाव करने पहुंची एक भाभी गंभीर रूप से झुलस गई। उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी भी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक शख्स के साले ने पेट्रोल छिड़कर आग लगाई थी। पुलिस ने आरोपी साले के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 

 

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक घटना पिछले महीने की है, लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो अब वायरल हो रहा है। मृतक युवक की पहचान लवप्रीत सिंह और महिला की पहचान गुरजीत कौर के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि लवप्रीत की पत्नी अलग रह रही थी। 13 जून को लवप्रीत अपनी पत्नी संदीप कौर को मनाने अपनी ससुराल पहुंचा। 

 

यह भी पढ़ें: बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे प्रशांत किशोर, BJP को उसके ही गढ़ में देंगे चुनौती

झगड़े के बाद साले ने लगाई आग

ससुराल में किसी बात पर लवप्रीत का अपने साले साजन सिंह से झगड़ा हो गया। कथित तौर पर साजन ने पेट्रोल छिड़कर लवप्रीत सिंह को आग लगा दी। बचाने पहुंची साजन सिंह की भाभी गुरजीत कौर भी गंभीर रूप से झुलस गई। इलाज के दौरान दोनों की जान चली गई।

 

 

 

 

आरोपी साजन सिंह भी बुरी तरह से झुलसा है। उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। सोशल मीडिया पर घटना एक वीडियो खूब वायरल है। 

 

यह भी पढ़ें: पत्नी ने फिर मारा पति, फतेहपुर में खाट पर सो रहे शख्स को जलाकर मार डाला

 

वायरल वीडियो में क्या दिख रहा है?

वीडियो में दिख रहा है कि एक गाली में तीन युवक और महिला खड़े है। किसी बात पर बहस हो रही है। इसी बीच एक युवक अचानक आग लगा देता है। संभवत: पेट्रोल पहले से ही उस स्थान पर छिड़का गया था, क्योंकि जमीन गीली है और आग लगाते ही पूरी जमीन व लोगों को अपनी चपेट में ले लेती है। आग लगने के बाद लवप्रीत भागने लगता है। महिला भी चपेट में आ जाती है। 

9 महीने पहले हुई थी शादी

पुलिस के मुताबिक घटना तरनतारन के संघा गांव की है। लवप्रीत लोपोके गांव का रहने वाला था। इस मामले में उसकी पत्नी को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों की करीब 9 महीने पहले शादी हुई थी। झगड़े के बाद पत्नी संदीप कौर अपने मायके चली आई थी। रनतारन पुलिस ने बताया कि लवप्रीत का निधन घटना वाले दिन ही हो गया था, जबकि गुरजीत कौर ने कुछ दिन बाद दम तोड़ा।