देश की राजधानी दिल्ली के जामा मस्जिद पुलिस थाने में 23 नवंबर को एक घटना हुई। ऐसा बताया गया कि मोहम्मद नबील नाम के एक युवक ने चाकू लेकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। यह पूरी घटना CCTV में कैद हो गई है। इसका फुटेज सामने आया है। HT में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, नबील थाने में चाकू लेकर घूम रहा था और जो भी उसके रास्ते में आ रहा था, उस पर चाकू से हमला कर रहा था। इस दौरान कई पुलिसकर्मी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते और दरवाजे बंद करते नजर आए। कुछ ने डंडों से उसे काबू करने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। इस पूरी वारदात में आरोपी नबील ने कुल नौ पुलिसकर्मियों को जख्मी कर दिया।
थाने के भीतर 5 जवानों को घायल करने के बाद वह बाहर निकला और चाकू की नोक पर एक बाइक सवार को लूटकर फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर उसे चितली कबर इलाके में घेर लिया। वहां भी कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। गोलीबारी में 6 गोलियां नबील के पैरों में लगी। इसके बाद उसे पकड़ लिया गया। कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इलाज पूरा होने के बाद उसे जेल भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें: 'किसी और की होने नहीं दूंगा, जान से मार दूंगा', प्रेमी ने लड़की को बनाया बंधक
थाने के अंदर 5 मिनट क्या चला?
पलिस अधिकारियों के मुताबिक, नबील की मां और बहन ने उसके हिंसक व्यवहार की शिकायत की थी। इसके बाद उसे थाने बुलाया गया था। थाने में फिर उसे बुलाया गया। थाने में पहुंचते ही नबील गुस्से में चिल्लाने लगा। वहां कुर्सी पर बैठे सब-इंस्पेक्टर (SI) अरविंद और एक महिला अधिकारी ने जैसे ही अपनी पहचान बताई। नबील ने बिना किसी उकसावे के SI के चेहरे और गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया।
इसके बाद थाने में चीख पुकार मच गई। जबकि उसी कमरे में बैठी नबील की मां और बहन डर के मारे डेस्क के नीचे छिप गईं। बीच-बचाव करने आए दूसरे अधिकारी SI अजय की गर्दन और हाथ पर भी उसने चाकू मार दिया। इसके बाद वह जान बचाने के लिए कोने में छिप गए। इसके बाद नबील लॉकअप की तरफ बढ़ा।
तीन पुलिसकर्मियों ने डंडों से उसे रोकने की कोशिश की लेकिन उसने हेड कांस्टेबल हरेंद्र के चेहरे, गर्दन और सीने पर चाकू से वार कर दिया। मुख्य दरवाजा बंद करने की कोशिश कर रहे 50 साल से ज्यादा उम्र के एक अन्य हेड कांस्टेबल को उसने धक्का देकर गिरा दिया और पांचवें पुलिसकर्मी को घायल करते हुए एक हथियारबंद संतरी के सामने से बाहर निकल गया।
दो घंटे में ऐसे पकड़ा गया आरोपी
यह पूरी घटना महज पांच मिनट के भीतर घटी। चूंकि नबील की मां और बहन ने केवल SI अजय से ही बात की थी। अजय खुद गंभीर रूप से घायल थे। इसलिए शुरुआती 15-20 मिनट तक किसी को यह पता ही नहीं चल पाया कि हमलावर कौन था। SI अजय से जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने दोनों महिलाओं से संपर्क कर नबील की तस्वीर हासिल की। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के DCP रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि CCTV खंगालने का समय नहीं था, इसलिए फोटो तुरंत खबरी और आम लोगों को भेजी गई।
थाने के बाहर मौजूद लोगों ने आरोपी के भागने का रास्ता बताया। इससे पुलिस दो घंटे में उस तक पहुंच गई। DCP के मुताबिक, SI अजय, SI अरविंद और हेड कांस्टेबल हरेंद्र को 2 से 3 इंच गहरे घाव आए हैं। उनकी नसों को नुकसान पहुंचा है। इसके लिए उनकी प्लास्टिक सर्जरी और अन्य ऑपरेशन किए जाएंगे।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस हमले को टाला जा सकता था। अधिकारियों का कहना है कि शहर में VIP मूवमेंट होने की वजह से ज्यादातर स्टाफ बाहर ड्यूटी पर था। थाने में बेहद कम पुलिसकर्मी मौजूद थे। काफी खून बह जाने के कारण नबील फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में है, इसलिए उससे पूछताछ नहीं हो पाई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि वह बेरोजगार था और कभी-कभार अपने पिता की दुकान पर बैठता था।
यह भी पढ़ें: उत्तरकाशी के पंवाणी गांव में आग, 33 मकान जलकर राख, 58 परिवार प्रभावित
पुलिस अब उसकी इंटरनेट हिस्ट्री भी खंगालने की तैयारी कर रही है। नबील के खिलाफ हत्या के प्रयास और लूटपाट की धाराओं में तीन FIR दर्ज की गई हैं। उधर, काला महल में उसके घर पर ताला लगा हुआ है।
