हरियाणा के महेंद्रगढ़ में आयोजित भारत निर्माण युवा दल के प्रशिक्षण शिविर में साइबर क्राइम जागरूकता विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर साइबर क्राइम अधिकारी विष्णु ने उपस्थित दल वीरों को साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी और डिजिटल सुरक्षा के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। विष्णु ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और लोगों को जागरूक रहकर ही इनसे बचा जा सकता है। उन्होंने फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग, बैंकिंग फ्रॉड, नकली वेबसाइटों और ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने दल वीरों को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड या ओटीपी साझा नहीं करना चाहिए। उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, मजबूत पासवर्ड रखने तथा संदिग्ध लिंक और संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी। साथ ही, साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी बताई।
यह भी पढ़ें: संगठन और सीटें बढ़ाने की तैयारी, क्या है अनुप्रिया पटेल के अपना दल का प्लान?
युवाओं ने जमकर पूछे सवाल
सत्र के दौरान दल वीरों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका विष्णु ने सरल और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया। इस उपयोगी मार्गदर्शन से सभी प्रतिभागियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति नई जागरूकता प्राप्त हुई। कार्यक्रम के अंत में भारत निर्माण युवा दल के संस्थापक अभिमन्यु यादव ने साइबर क्राइम अधिकारी विष्णु का अभिनंदन करते हुए उनका हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है और विष्णु की ओर से दी गई जानकारी दल वीरों के लिए भविष्य में बहुत उपयोगी सिद्ध होगी और उन्हें सुरक्षित डिजिटल नागरिक बनने में सहायता करेगी।
यह भी पढ़ें: BJP ने शुरू किया मिशन-61, सपा के गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी
शिविर में उपस्थित सभी दल वीरों ने इस ज्ञानवर्धक सत्र की सराहना की और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। भारत निर्माण युवा दल द्वारा ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा ताकि युवाओं में राष्ट्र निर्माण के साथ-साथ सामाजिक और डिजिटल जिम्मेदारियों के प्रति भी चेतना विकसित हो सके।
