हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से चर्चा में चल रहे मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कांग्रेस के भीतर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के नेताओं से मिले। मुख्यमंत्री के साथ दो कैबिनेट मंत्री और कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर भी दिल्ली पहुंचे। ऐसे में अब कैबिनेट में संभावित बदलाव और नई नियुक्तियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

 

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी , कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की। रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री के साथ पहुंचे नेताओं की हाईकमान के साथ पहले शिक्षा से संबंधित बैठक हुई, जिसके बाद केंद्रीय नेतृत्व के साथ अनौपचारिक मुलाकातों का दौर चला।

कैबिनेट विस्तार पर फैसले की बढ़ी उम्मीद

दिल्ली में मुख्यमंत्री और पार्टी नेतृत्व की इन मुलाकातों को हिमाचल मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे पहले भी कैबिनेट विस्तार को लेकर कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व में चर्चा होने की खबरें सामने आती रही हैं। सितंबर में रिपोर्टों में मंत्रियों के प्रदर्शन की समीक्षा और रिपोर्ट कार्ड की चर्चा भी सामने आई थी। अब मुख्यमंत्री के साथ कुल्लू सदर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर की दिल्ली में मौजूदगी ने भी राजनीतिक चर्चाओं को हवा दी है।

 

जानकारी के अनुसार सुंदर सिंह ठाकुर ने भी मुख्यमंत्री के साथ कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के कई नेताओं से मुलाकात की। हालांकि, किसी नए मंत्री के नाम या किसी मौजूदा मंत्री को हटाने को लेकर आधिकारिक निर्णय की पुष्टि नहीं हुई है।

 

यह भी पढ़ें: मेजर मनकोटिया का CD कांड, जिसने हिला दी थी वीरभद्र सिंह की सियासत

सीएम की CWC बैठक में भी मौजूदगी

मुख्यमंत्री सुक्खू मंगलवार को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में भी शामिल हुए। बैठक में लोकतंत्र, संविधान और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद सुक्खू ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाताओं का विश्वास कायम रहना जरूरी है और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। हिमाचल में मंत्रिमंडल विस्तार लंबे समय से राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है। दिल्ली में मुख्यमंत्री और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की ताजा मुलाकातों के बाद अब नजरें इस बात पर हैं कि पार्टी हाईकमान राज्य मंत्रिमंडल में क्या बदलाव करता है और क्या नई राजनीतिक जिम्मेदारियां भी तय की जाती हैं। फिलहाल किसी मंत्री को हटाने या नए मंत्री की नियुक्ति को लेकर अंतिम आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।