बिहार के पूर्णिया जिले में जमीन विवाद को लेकर मंगलवार को बड़ा बवाल हो गया। चम्पानगर थाना क्षेत्र के प्रसादपुर मौजा में अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम पर कुछ लोगों ने तीर-भाले, ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कई अन्य जवानों को भी चोटें आईं।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। प्रशासन ने मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है और पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें: '3 बेटियां नहीं मिल रहीं', मालवीय नगर अग्निकांड में अपनों के लिए तड़प रहे लोग
11 एकड़ जमीन खाली कराने पहुंची थी टीम
जानकारी के अनुसार, केनगर अंचल के प्रसादपुर मौजा में खाता संख्या-67, खेसरा संख्या-181 की 11.28 एकड़ जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए प्रशासनिक टीम पहुंची थी। सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक यह जमीन मरंगा थाना क्षेत्र के विक्रमपट्टी कवैया निवासी सुधीर ऋषि के नाम दर्ज है, जबकि स्थानीय स्तर पर करीब 28 परिवारों के कब्जे की बात सामने आई है।
कार्यपालक दंडाधिकारी अभय राज, अंचलाधिकारी दिवाकर कुमार और प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी चंद्रदेव प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस बल ने अभियान शुरू किया। शुरुआत में स्थिति सामान्य रही लेकिन कुछ समय बाद विरोध कर रहे लोगों ने उग्र रूप धारण कर लिया।
यह भी पढ़ें: सौतेले बाप ने डेढ़ साल के बच्चे को मार डाला, शरीर पर मिले चोट के 91 निशान
तीर, भाले और पत्थरों से किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विरोध कर रहे लोगों ने अचानक पुलिस और प्रशासनिक टीम पर तीर, भाले, ईंट और पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। हमले में चम्पानगर थाना में तैनात ग्रामीण पुलिसकर्मी शंकर पासवान की गर्दन में तीर लग गया। घायल पुलिसकर्मी को तुरंत श्रीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल पूर्णिया रेफर कर दिया गया। इस दौरान आधा दर्जन अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई, सात गिरफ्तार
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मौके से एक महिला समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रशासन ने विवादित जमीन को खाली कराकर उसकी घेराबंदी भी कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर जमीन विवादों से जुड़ी बढ़ती हिंसा की ओर इशारा करती है। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
