रक्षाबंधन पर यात्रियों की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने कमर कस ली है। निगम 26 से 31 अगस्त तक लगातार छह दिन अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने इस अवधि में निगम की शत-प्रतिशत बसों को सड़क पर उतारने के निर्देश दिए हैं। यात्रियों की संख्या के अनुसार लखनऊ, कानपुर समेत प्रमुख गंतव्यों के लिए अतिरिक्त सेवाएं भी बढ़ाई जाएंगी।

 

परिवहन निगम के एमडी प्रभु एन सिंह ने सभी क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को बसों की उपलब्धता और यात्रियों की संख्या पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच संचालित बसों की व्यवस्था भी जरूरत के अनुसार बदली जाएगी।रक्षाबंधन के दौरान जिन मार्गों पर यात्रियों की संख्या अधिक होगी, वहां अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी। बस अड्डों पर भीड़ को देखते हुए संचालन की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि यात्रियों को बसों के लिए ज्यादा इंतजार न करना पड़े।

बस अड्डों पर सफाई और सुविधाओं पर जोर

मंत्री ने बसों और बस स्टेशनों पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था रखने के निर्देश दिए हैं। यात्रियों के लिए स्वच्छ पेयजल, प्रतीक्षालय में पर्याप्त रोशनी और पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बसों के संचालन और उपलब्धता से जुड़ी जानकारी देने के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें: बेटे की चाहत में SDO ने रची बच्चा चोरी की साजिश! नर्स को दी 5 लाख की सुपारी

विशेष परिस्थिति को छोड़कर छुट्टी नहीं

छह दिन के विशेष संचालन के दौरान बस संचालन से जुड़े अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, चालकों और परिचालकों को विशेष परिस्थितियों को छोड़कर अवकाश या साप्ताहिक विश्राम नहीं दिया जाएगा। सभी कर्मचारियों का ड्यूटी रोस्टर पहले से तैयार कर नोटिस बोर्ड पर लगाया जाएगा। इसके साथ ही बसों और निर्धारित मार्गों की नियमित चेकिंग भी की जाएगी, ताकि त्योहार के दौरान खराब या अनफिट बसों के कारण यात्रियों को परेशानी न हो।

1800 किलोमीटर संचालन पर 1200 रुपये प्रोत्साहन

रक्षाबंधन विशेष संचालन के दौरान कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन राशि की भी व्यवस्था की गई है। छह दिनों में 1800 किलोमीटर बस संचालन पूरा करने वाले चालक-परिचालकों को 1200 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।

 

वहीं, संविदा चालक-परिचालकों को 1800 किलोमीटर से अधिक संचालन करने पर अतिरिक्त दूरी के लिए 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।कार्यशाला में तैनात तकनीकी कर्मचारियों को भी विशेष संचालन में प्रोत्साहन मिलेगा। छह दिनों तक उपस्थित रहने वाले तकनीकी कर्मचारियों को 500 रुपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। हालांकि इसके लिए बस सेवा का लोड फैक्टर 64 प्रतिशत से अधिक होना जरूरी होगा।

 

यह भी पढ़ें: राम मंदिर संचालन की कमान नरपत डुकिया को, SIT ने खंगाले दान के आभूषण

यात्रियों को नहीं होने दी जाएगी बसों की कमी

परिवहन निगम का लक्ष्य रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अधिकतम बसों का संचालन करना है। खासतौर पर लखनऊ, कानपुर और अन्य प्रमुख रूटों पर मांग बढ़ने पर अतिरिक्त सेवाएं तत्काल बढ़ाई जाएंगी। इससे त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों को बसों की कमी और लंबी प्रतीक्षा से राहत मिलने की उम्मीद है।