गोवा में सरकारी दफ्तरों में चलने वाली तीन कैंटिन को रसोई में खराब साफ-सफाई और गंभीर ढ़ाचागत खामियां मिलने के बाद बंद करने का आदेश दिया गया है। फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) की जांच में इन कैंटीन में खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन नहीं मिला। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।

 

यह कार्रवाई उत्तरी गोवा के पोरवोरिम इलाके में सरकारी दफ्तरों के आसपास चलने वाली कैंटीन और खाने-पीने की दुकानों की जांच के दौरान हुई। FDA की टीम ने अभियान के तहत कुल चार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इनमें सरकारी दफ्तरों में चलने वाली तीन कैंटीन और एक निजी रेस्तरां शामिल था। जांच के बाद तीन कैंटीन को तत्काल संचालन बंद करने का निर्देश दिया गया।

 

यह भी पढ़ें: '6 साल से घर में कैद', हाथरस रेप पीड़िता के परिवार को ना नौकरी मिली ना घर

मंत्री विश्वजीत राणे ने शेयर की पूरी जानकारी

स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि तीनों कैंटीन में गंभीर ढांचागत कामियां मिलीं। इसके साथ ही रसोई में साफ-सफाई का स्तर भी संतोषजनक नहीं था। इन कमियों को देखते हुए FDA ने तीनों कैंटीन का संचालन रोकने का आदेश दिया। मंत्री ने कहा कि कैंटीन संचालकों को कमियां दूर करनी होंगी। इसके बाद FDA की टीम दोबारा निरीक्षण करेगी और नियमों का पालन सुनिश्चित होने पर ही कैंटीन को फिर से खोलने की अनुमति दी जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: 'बारिश रोकने के लिए नींबू काटिए', BJP सांसद के बयान पर छत्तीसगढ़ में मचा बवाल

पूरे गोवा में कैंटीन की होगी विशेष जांच

राणे ने कहा कि अब FDA पूरे गोवा में सरकारी और निजी संस्थानों में चलने वाली कैंटीन की विशेष जांच करेगा। इस अभियान के दौरान खाने की गुणवत्ता, रसोई की सफाई और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन देखा जाएगा। उन्होंने कैंटीन संचालकों और ठेकेदारों से निर्धारित खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। सरकार का कहना है कि संस्थानों में खाना तैयार करने और परोसने वाली जगहों पर साफ-सफाई में किसी तरह की लापरवाही बर्दाशत नहीं की जाएगी।