तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के जुबली हिल्स इलाके में रविवार को एक लग्जरी फेरारी कार के बेकाबू होकर कई वाहनों से टकरा जाने से तीन लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार करीब 3.5 से 4 करोड़ रुपये कीमत की इस फेरारी ने रोड नंबर 45 पर डिवाइडर से टकराने के बाद सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में भारी ट्रैफिक जाम लग गया।
यह दुर्घटना लोकप्रिय टॉलीवुड अभिनेता नंदमूरी बालकृष्ण के आवास के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार फेरारी अचानक नियंत्रण खो बैठी और पहले डिवाइडर पर लगे बिजली के खंभे से टकराई। इसके बाद वह विपरीत दिशा से आ रही एक कार से भिड़ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे से आ रहे कुछ अन्य वाहन भी आपस में टकरा गए, जिससे कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा।
हादसे के बाद ट्रैफिक जाम
इस हादसे में तीन लोग घायल हुए, जिन्हें सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक घायलों की हालत स्थिर है। दुर्घटना के कारण व्यस्त सड़क पर लंबा जाम लग गया। यातायात पुलिस ने कुछ समय के लिए ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद यातायात सामान्य किया।
यह भी पढ़ें: दिल्ली मेट्रो में सीट के लिए शुरू हुआ झगड़ा हाथापाई तक पहुंचा, वीडियो वायरल
फेरारी हादसा ब्रेक इंजन फ़ैल
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फेरारी कार ई. वेंकट राजा रेड्डी के नाम पर रजिस्टर्ड बताई जा रही है। कार चला रहे व्यक्ति की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। जांच में यह सामने आया है कि ड्राइवर शराब के नशे में नहीं था और वह एक शादी के फंक्शन में शामिल होने जा रहा था।
यह भी पढ़ें: यूपी के अलीगढ़ में रोटी पर थूक लगाकर बना रहा था रोटी, वीडियो वायरल
जांच में परिवहन विभाग की तकनीकी टीम ने ब्रेक और इंजन में खराबी की आशंका जताई है। अधिकारियों के अनुसार डीटेल्ड मेकैनिकल रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
