दिल्ली के सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र के एक नाइटक्लब में मामूली सी बात पर एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि 10 अक्टूबर की रात को क्लब में बियर का ग्लास गिरने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। क्लब के स्टाफ और बाउंसरों ने 29 साल के ड्राइवर दलजीत की पिटाई की जिसमें उसकी जान चली गई। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही FIR दर्ज कर ली गई है।
घटना उस समय हुई जब दलजीत अपने दोस्तों के साथ क्लब में मौजूद थे। तभी उनके एक दोस्त से गलती से एक महिला पर बियर गिर गई। इसके बाद वहां बहस शुरू हो गई जिसे शांत कराने के बजाय क्लब के बाउंसरों ने दलजीत और उनके साथियों पर हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष के बार-बार माफी मांगने के बावजूद वे लोग नहीं माने। इनके साथ क्लब के वेटर भी डंडों व कांच की बोतलों से उन्हें पीटने में शामिल हो गए।
यह भी पढ़ें: पुलिस ने रोका तो चला दी गोली, पंचकुला में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 2 गुर्गे अरेस्ट
पूरा मामला क्या था?
रघुवीर नगर के रहने वाले दलजीत के परिवार में पत्नी, 8 साल का बेटा और उनके पिता साथ रहते थे। पुलिस के अनुसार नाइटक्लब के मालिक के साथ आई एक महिला पर बियर गिर गई थी। इसके बाद बहस शुरू हुई जिसमें बाउंसर दलजीत के साथ मारपीट करने लगे। ऐसा बताया जा रहा है जब दलजीत और उनके दोस्तों ने क्लब से भागकर जान बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन्हें घसीटकर वापस अंदर खींच कर ले आए। फिर दोबारा मारपीट करने लगे।
इस दौरान दलजीत के सिर और शरीर पर सबसे ज्यादा चोटें आईं। किसी तरह दलजीत के दोस्त उन्हें रघुवीर नगर स्थित उनके घर ले गए। वहां वह दरवाजे के पास ही बेहोश होकर गिर पड़े। परिवार वाले तुरंत उन्हें गुरु गोविंद सिंह अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: नवरात्रि में होटलों की बहार, 80% तक बुकिंग, पर्यटन ने पकड़ी रफ्तार
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस मामले की जांच के लिए मौके पर सभी CCTV फुटेज खंगाल रही है। घटना के बारे में सभी जानकारी इकठ्ठा करने और सभी दोषियों को पहचान करने के लिए पुलिस ने नाइटक्लब का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही फुटेज की भी जांच कर रही है।
