हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के दिग्गज नेता और राज्य सरकार में मंत्री अनिल विज एक बार फिर अपने अनोखे अंदाज को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार अनिल विज अपने ही खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाते नजर आए। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उन्होंने अपने खास अंदाज में अपने खिलाफ लग रहे नारों को अपने ही पक्ष में कर लिया। 

 

यह घटनाक्रम अंबाला स्थित उनके आवास के बाहर का है। अनिल विज मौजूदा सरकार में बिजली मंत्रालय संभाल रहे हैं और बिजली विभाग के ही कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शनकारी 'अनिल विज मुर्दाबाद' के नारे लगा रहे थे। इसी बीच अनिल विज खुद प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों के बीच पहुंच गए और उनसे बातचीत की। 

 

यह भी पढ़ें: इश्क का राज खुलने के डर से 5 साल के मासूम की हत्या, आरोपी युवक गिरफ्तार

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों के बीच पहुंचे विज

हरियाणा राज्य बिजली बोर्ड के वर्कर्स यूनियन अपनी मांगों को लेकर अनिल विज के आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। उस समय कर्मचारी अनिल विज के खिलाफ नारे लगा रहे थे। 'हर जोर-जुल्म की टक्कर में, संघर्ष हमारा नारा है।' और 'अनिल विज मुर्दाबाद' के नारे लगाए जा रहे थे। इसी बीच अनिल विज खुद कर्मचारियों की मांग सुनने बाहर आ गए। उन्होंने कर्मचारियों की मांगों को ध्यान से सुना और आश्वासन दिया। 

अपने खिलाफ लगे नारों पर क्या बोले अनिल विज?

अनिल विज के आने के बाद कर्मचारी शांत हो गए। अनिल विज ने कर्मचारियों से कहा, 'आप मेरे मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे। एक बार दोबारा लगाओ, मजा आ रहा।' इसके बाद अनिल विज ने अपने चिर परिचित अंदाज में कहा, 'अब एक लाइन और जोड़ दो कि हर जोर-जुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है, और अनिल विज तुम्हारा है।' इसके बाद वहां मौजूद हर कोई हंस पड़ा। 

मांगों पर दिया आश्वासन

कर्मचारियों की बात सुनने के बाद मंत्री अनिल विज ने उनकी मांगों के समाधान को लेकर संबंधित अधिकारियों और यूनियन के साथ चंडीगढ़ में एक उच्च स्तरीय संयुक्त बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया। अनिल विज ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। 

 

अनिल विज ने कर्मचारियों से कहा, 'आपकी मांगों के समाधान के लिए जल्द ही यूनियन पदाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाई जाएगी। फिलहाल मेरे भाई पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती हैं और उपचार पूरा होने के बाद बैठक आयोजित की जाएगी।' 

 

यह भी पढ़ें: चरणजीत सिंह चन्नी कैसे भड़का रहे पंजाब कांग्रेस में बगावत की आग? इनसाइड स्टोरी

अलाउंस की पर क्या बोले?

कर्मचारियों की अलाउंस संबंधी मांग पर अनिल विज ने कहा कि इस पर नियमानुसार आगे कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों के हित से जुड़े मामलों पर सरकार निर्णय लेगी। इस अनूठे अंदाज के जरिए अनिल विज ने एक तनावपूर्ण विरोध प्रदर्शन के माहौल को सकारात्मक माहौल में बदल दिया। अनिल विज कई बार इस तरह से विरोध को शांत करवा चुके हैं और उनका यह अंदाज काफी मशहूर है।