हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के जनजातीय इलाके भरमौर की ग्राम पंचायत लामू में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस के मुताबिक, लोक निर्माण विभाग (PWD) की हिलिंग-लामू सड़क पर बुधवार रात करीब 11 बजे एक अल्टो कार (HP-01C-2717) किलेरी कंध के पास अचानक बेकाबू होकर करीब 600 मीटर गहरी खाई में गिर गई।
घटना की सूचना मिलते ही होली पुलिस चौकी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों शवों को गहरी खाई से बाहर निकाला गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: 'CM पद के लायक नहीं', JPSC प्रदर्शन में छात्रों ने मांगा हेमंत सोरेन का इस्तीफा
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 48 साल के सुरेश कुमार और 36 साल के संजय कुमार के रूप में हुई है। दोनों चंबा जिले की होली तहसील के लामू गांव के रहने वाले थे। पुलिस ने दोनों के शवों को अपने कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शवों को होली के सिविल अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा आखिर कैसे हुआ।
इस दर्दनाक हादसे पर ग्राम पंचायत लामू की प्रधान बीना देवी और पूर्व प्रधान लाल चंद ने गहरा दुख जताया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की। साथ ही, उन्होंने शोक में डूबे परिवारों को इस मुश्किल घड़ी को सहने की शक्ति देने की भी कामना की।
