राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शख्स की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इस मामले में मृतक की पत्नी पर ही हत्या का आरोप लगा है। 5 अगस्त को जयपुर के महेश मीणा अपनी पत्नी कविता को दवाई दिलाने ले गए थे काफी देर तक घर नहीं लौटे। महेश की पत्नी कविता के अनुसार, उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिस वजह से महेश सड़क किनारे बेसुध हालत में पड़े थे। इसके बाद महेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महेश के परिवार ने दावा किया है कि उनकी बहू का किसी अन्य व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध था और बहू कविता ने ही उनके पति की हत्या की है।
यह घटना जयपुर के विश्वकर्मा इलाके की है। इसी इलाके के 14 नंबर पुलिया के पास महेश बेसुध हालत में पड़े हुए मिले थे। महेश के छोटे भाई मनीष उन्हें अस्पताल ले गए थे। हालांकि, महेश की जान नहीं बच सकी। इसके बाद पूरे परिवार को कविता पर शक हुआ क्योंकि परिवार को उसकी बताई कहानी पर भरोसा नहीं था। इसके अलावा परिवार को एक ऐसा वीडियो मिला, जिसे देखने के बाद कविता पर उनका शक और बढ़ गया। इसी वजह से मृतक महेश के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
यह भी पढ़ें: तीसरे बच्चे के जन्म पर मिलेगी 1 साल की मैटरनिटी लीव, तमिलनाडु सरकार का ऐलान
क्यों हुआ बहू पर शक?
कविता ने पूरे परिवार को बताया कि महेश जब बाइक चला रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। कविता ने कहा कि श्याम नगर के 200 फीट चौराहे के पास महेश को अजीब महसूस होने लगा था, जिसके बाद वह बेहोश हो गए। इसके बाद कविता ने खुद बाइक चलाई। जब बाइक नहीं चला पाई तो 14 नंबर पुलिया के पास महेश को लिटा दिया।
कविता की बातें सुनकर पूरे परिवार को शक हुआ। इसके बाद महेश के पिता बाबूलाल मीणा और उनके छोटे भाई ने उस इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाली, तो परिवार के अनुसार कुछ अलग ही तस्वीर सामने आई।
सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर कविता अकेले बाइक नहीं चला रही थी, बल्कि उसके साथ दो युवक बैठे हुए दिखाई दिए। इसके साथ ही महेश के पिता ने दावा किया कि कविता किसी अन्य पुरुष के साथ बाइक पर बैठी हुई थी और महेश को दूसरी बाइक पर बिठाकर लाया गया था। इसी फुटेज के आधार पर महेश के पिता ने कविता पर हत्या का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें: कर्नाटक में भी लीक हुआ पेपर? ED ने 21 जगहों पर मारा छापा
हरिद्वार ले गई अस्थियां
कविता और महेश का परिवार अस्थियां विसर्जित करने के लिए हरिद्वार गया था। वहां महेश के परिवार को कविता पर शक हुआ। परिवार के अनुसार, हरिद्वार में नदी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कविता गणेश नाम के एक युवक के साथ हंस-हंसकर बात करती हुई दिखाई दी।
परिवार का आरोप है कि गणेश और कविता पिछले 9 साल से एक-दूसरे से प्रेम करते थे। परिवार वालों का कहना है कि गणेश एक-दो बार कविता के ससुराल भी आ चुका था। इसके अलावा एक और वीडियो सामने आया, जिसमें कथित तौर पर कुछ परिजन कविता से बात कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने महेश के बारे में पूछा तो कविता हंसने लगी। जानकारी के लिए बता दें, कविता और महेश की शादी 2024 में हुई थी।
महेश के परिवार ने सारे वीडियो पुलिस को सौंप दिए हैं। वीडियो देखने के बाद पुलिस की टीम मामले की जांच-पड़ताल कर रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
