लखनऊ के बहुचर्चित शिवा शर्मा मौत मामले में अब तक वीडियो के माध्यम से अपना पक्ष रखने वाली श्रद्धा दुबे पहली बार मीडिया के सामने आई। उन्होंने न्यूज एजेंसी एनएनआई से बातचीत में खुद पर लगे आरोपों को निराधार बताया और खुद को फंसाने का दावा किया। श्रद्धा दुबे का कहना है कि शिवा की मां को मैं पसंद नहीं थी, क्योंकि मैं शिवा से एक या दो साल बड़ी थी। जब उनसे पूछा गया कि आप मौके से भागी क्यों? जवाब में श्रद्धा दुबे ने कहा कि वह डर गई थी, क्योंकि उस पर हत्या का आरोप लगा था। श्रद्धा दुबे ने न्यायपालिका और पुलिस ने निष्पक्ष जांच की मांग की। उनका दावा है कि अगर इमारत में लगे कैमरों की जांच होगी तो मैं बेकसूर निकलूंगी।
श्रद्धा दुबे ने कहा, 'सारे आरोप बेबुनियाद हैं। किसी के कह देने से कि हमने हत्या कर दी है। मैंने कोई हत्या नहीं की, क्योंकि वह एक सुसाइड था। वह मैंने अपनी आंखों से देखा। वह (शिवा) मेरी ही बिल्डिंग के चौथे तल्ले से छलांग मार गया। अगर सीसीटीवी फुटेज निकलेगी तो मैं साफ-साफ बेकसूर साबित हो जाऊंगी, क्योंकि अभी तक कैमरे नहीं निकाले गए हैं। नेपाल बॉर्डर तक के कैमरे निकाले गए हैं, लेकिन क्या मेरी बिल्डिंग के कैमरों को निकालने में समस्या आ रही है।'
यह भी पढ़ें: पंजाब में बड़ा हादसा, कार ने मनरेगा मजदूरों को कुचला; 5 की मौत
शिवा के मां ने गलत आरोप लगाए: श्रद्धा
श्रद्धा दुबे ने आगे कहा कि मैंने कुछ नहीं किया। उसने अपनी और शिवा की दोस्ती को भी चार महीने पुराना बताया। यह भी कहा कि शिवा उसके घर हाल फिलहाल में आने लगा था। श्रद्धा ने कहा, 'मैं उस बंदे को चार महीने से जानती हूं। अगर मेरी कॉल डिटेल्स निकलेगी तो मैं सिर्फ चार महीने से जानती हूं। दो-ढाई महीने ही वह मेरा दोस्त रहा है। मेरे घर कभी नहीं आया। अभी वह पिछले दो महीने से मेरे घर आने जाने लगा था। दो महीने में हमारी चीजें इतनी ज्यादा तो नहीं खराब हो सकती कि हम एक-दूसरे के लिए ऐसा सोच लें। ऐसा कुछ भी नहीं है। उसकी मां ने गलत आरोप लगाए हैं, क्योंकि उनकी मां को मैं बिल्कुल भी पसंद नहीं थी।'
'शिवा पर काफी लोन था'
श्रद्धा का दावा है कि शिवा पर काफी लोन था। उसने ही इसकी जानकारी दी थी। कर्जदारों के फोन आने से वह परेशान था। यह भी बताया कि कुछ दिन पहले शिवा ने उसके घर से जेवरात चुराए थे। हालांकि श्रद्धा ने इसे अपना व्यक्तिगत मामला बताया।
श्रद्धा ने कहा, 'कुछ दिन पहले ही शिवा ने बताया था कि उस पर काफी लोन है। वह काफी ज्यादा परेशान था, क्योंकि कर्जदारों के फोन आते हैं। 16 या 17 लाख का उस पर कर्जा था। उसने कुछ पैसा मुझसे भी मांगा था।
यह भी पढ़ें: पंजाब पहुंचे हरियाणा सीएम, वाल्मीकि जयंती कार्यक्रम में हिस्सा लिया
ज्वैलरी चोरी पर श्रद्धा ने क्या कहा?
आगे बताया कि कुछ महीने पहले शिवा ने पांच-छह लाख रुपये की ज्वैलरी उठा ली थी। हालांकि यह मेरा व्यक्तिगत मामला था। उसने खुद भी बोला था कि वह ज्वैलरी लौटा देगा। वैसे भी वह ज्वैलरी ले जा सकता था, क्योंकि वह मेरा बंदा था।
