संजय सिंह, पटना। बिहार के मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शंकरपुर इलाके में पुलिस ने एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। शंकरपुर के रिहायशी इलाके में यह अवैध फैक्ट्री चलाई जा रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने एक विशेष टीम बनाई और योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी को अंजाम दिया। मौके से पुलिस को दो देसी कट्टा, दो कारतूस और हथियार बनाने का सामान मिला है। वहीं एक शख्स को गिरफ्तार भी किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह एक संगठित अपराध का नेटवर्क है। माना जा रहा है कि यहां बनने वाले अवैध हथियारों को आसपास के जिलों में बेचा जाता है। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि जिस इलाके में यह फैक्ट्री संचालित हो रही थी, वह पूरी तरह से रिहायशी क्षेत्र है। ऐसे में वहां अवैध हथियारों का निर्माण होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। 

 

यह भी पढ़ें: ग्लोबल मार्केट तक पहुंचा बिहार का मखाना, दुबई पहुंची 2 टन की पहली खेप

अवैध हथियारों  का बड़ा अड्डा है मुंगरे

मुंगेर पहले से ही अवैध हथियारों का कुख्यात अड्डा रहा है। यहां समय-समय पर इस तरह के मामलों का खुलासा होता रहा है, लेकिन इसके बावजूद इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह से लगाम नहीं लग पाई है। ताजा कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि इस धंधे की जड़ें काफी गहरी हैं और इसे खत्म करने के लिए लगातार और सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है।

 

यह भी पढ़ें: बिना तेल और आग के बनाई 2500 डिश, कौन हैं शेफ शिवकुमार?

 

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध फैक्ट्री को संचालित करने के पीछे कौन-कौन लोग हैं। कुछ समय पहले भी मुंगेर में एक अवैध असलहा फैक्ट्री पकड़ी गई थी।