बिहार में अंधविश्वास के चलते एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना जमुई के टाउन थाना क्षेत्र के अमरथ गांव की है, जहां दुतीय देवी नाम की महिला पर डायन होने का आरोप लगाया गया। चर्चा है कि गांव के संदीप मांझी की मौत को लेकर ग्रामीणों को शक था कि महिला उसकी मौत की जिम्मेदार है। इसी शक में गुस्साए ग्रामीणों ने अब महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, बिहार के जमुई जिले के अमरथ गांव निवासी करीब 25 साल के संदीप मांझी की कुछ दिन पहले बीमार होने पर मौत हो गई थी। संदीप की मौत के बाद से गांव में चर्चा शुरू हो गई कि उस पर किसी ने तंत्र क्रिया कर उसे मारा है। इसके बाद गांव वालों का दुतीय देवी पर शक गहराता गया।
यह भी पढ़ें: पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर फिर हमला, एक की मौत, 2 जख्मी
खुद को बेकसूर बताती रही
दुतीय देवी को संदीप की मौत का जिम्मेदार ठहराए जाने के बाद से वह खुद को बेकसूर बता रही थी। मगर लोगों के गुस्से के सामने उसकी आवाज दबी रह गई। गुस्साई भीड़ ने उन्हें घर से बाहर खींचकर डंडों से तब तक पीटा, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।
'बख्शे नहीं जाएंगे दोषी'
वारदात की सूचना मिलते ही टाउन थाना से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को सूचना मिली थी कि अमरथ गांव के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के पीछे झाड़ी में एक महिला का शव पड़ा है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका दुतीय देवी के पिता रूपा मांझी ने मामले की पुलिस को शिकायत दी। पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें: UP: सुजलाम शक्ति समूह से जुड़ीं 5 लाख महिलाओं ने की 1.43 करोड़ जल नमूनों की जांच
पहले भी सामने आ चुके ऐसे मामले
बिहार में इस तरह का ये पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। सरकार ने डायन प्रथा के खिलाफ कानून भी बनाया है, लेकिन फिर भी अंधविश्वास के चलते ऐसी वारदातें हो रही हैं। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और लोगों से पूछताछ जारी है।
