उत्तर प्रदेश के झांसी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 27 साल की महिला की लाश उसके बेडरूम में मिली। यह महिला शादीशुदा थी, जिसके पति अब मौके से फरार हैं। मृत महिला के परिवार ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या उनके दामाद ने की थी। मृतका के परिवार ने दावा किया कि उनकी बेटी और दामाद के बीच आए दिन छोटी-छोटी बातों को लेकर बहस होती रहती थी। इसी तरह सोमवार की रात को दोनों के बीच झगड़ा हुआ। उसके बाद मृतका के पति ने बेडरूम को बाहर से बंद कर दिया। जब सुबह कमरा खोला गया तो वहां महिला की लाश मिली। पुलिस इस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
यह घटना झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के एक घर में हुई, जहां 27 साल की शिवानी उर्फ सुधा का शव मिला। यह घटना 31 अगस्त के रात में हुई थी। शिवानी की मौत के बाद से ही उनका पति यश ठाकुर फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। जानकारी के लिए बता दें कि शिवानी के गले पर चोट के निशान थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें: बिहार में अब 'रिफॉर्म से परफॉर्म' पर जोर, बच्चों की होगी ब्रेन मैपिंग
1.5 साल पहले की लव मैरिज
शिवानी के परिवार के मुताबिक, यश और शिवानी की डेढ़ साल पहले लव मैरिज हुई थी। दोनों पहले सोशल मीडिया पर मिले थे और इंस्टाग्राम पर ही दोस्त बने थे। यह दोस्ती जल्द ही प्यार में तब्दील हो गई। जब दोनों की प्रेम कहानी की खबर परिवार को पता चली, तब दोनों के परिवार ने नाराजगी नहीं जताई और उनके रिश्ते को अपना लिया।
यश और शिवानी ने लगभग डेढ़ साल पहले परिवार की रजामंदी से शादी की थी। शादी के बाद दोनों ग्वालियर में रहने लगे थे। कुछ महीने बाद दोनों उत्तर प्रदेश के झांसी में रहने लगे। झांसी में दोनों के साथ बहन मुस्कान और भाई अनिकेत भी रहते थे। पूरे परिवार को अंदाजा ही नहीं था कि शिवानी की मौत हो गई है।
यह भी पढ़ें: भारत-नेपाल बॉर्डर पर मिले 17.95 लाख नेपाली रुपये, पुलिस ने जताई तस्करी की आशंका
कैसे हुई मौत?
शिवानी के परिवार के मुताबिक, सोमवार यानी 31 अगस्त की रात करीब 10 बजे दोनों के बीच झगड़ा हुआ। शिवानी के परिवार ने दावा किया कि बहस के दौरान यश ने शिवानी को गाली दी। जब यह बहस बढ़ गई तो शिवानी का भाई अनिकेत अपने मामा के लड़के के घर चला गया। तब मामा के लड़के संतोष ने दोनों को शांत कराया।उसके बाद शिवानी अपने बेडरूम में चली गई। परिवार के आरोप के मुताबिक, यश ने रात करीब डेढ़ बजे अपना बैग मांगा, जिसे उसकी बहन मुस्कान कमरे से लेकर आई। इसी दौरान कथित तौर पर यश ने कमरे को बाहर से बंद कर दिया।
सुबह करीब 9 बजे अनिकेत ने शिवानी का कमरा खोलने की कोशिश की। जब कमरा खुला तो अंदर का दृश्य देखकर अनिकेत घबरा गया। अनिकेत ने देखा कि शिवानी के मुंह से खून निकल रहा था और उनका पूरा शरीर अकड़ चुका था। इसके बाद पूरा परिवार शिवानी को अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने शिवानी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस परिवार के आरोपों के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी यश को पकड़ नहीं पाई है।
