उत्तर प्रदेश के कानपुर में अनवरगंज थाना क्षेत्र स्थित आलम मार्केट में एक अनोखी सेल की वजह से भगदड़ मच गई। यहां एक कपड़ा कारोबारी रईस आलम ने अपने जन्मदिन के मौके पर 16 मिनट तक हर माल 16 रुपए का एक ऑफर चला दिया। आलम ने 16 मिनट के लिए कपड़ों समेत कई सामान की कीमत घटाकर सिर्फ 16 रुपये कर दी थी। इस ऑफर की खबर आते ही हजारों की तादाद में लोग वहां पहुंच गए।
यह ऑफर महज 16 मिनट का था इसलिए सबको पहले खरीदारी की जल्दी थी। देखते ही देखते बाजार में भीड़ बढ़ती चली गई और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, ऐसे में पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। इस सेल के चक्कर में लोगों को पुलिस की लाठियां खानी पड़ीं।
यह भी पढ़ें: पीने के पानी में ई कोलाई बैक्टीरिया, CAG की रिपोर्ट पर घिरा रेलवे बोर्ड
सोशल मीडिया पर शेयर की थी रील
आलम ने अपने जन्मदिन के मौके पर यह खास ऑफर देने का फैसला किया था। इसकी जानकारी सबसे पहले एक रील के जरिए सोशल मीडिया पर शेयर की गई। इसमें बताया गया कि सिर्फ 16 मिनट के लिए सभी फैशन गारमेंट्स महज 16 रुपये में मिलेंगे। यह रील देखते ही देखते तेजी से वायरल हो गई। ऑफर कम समय का थी, इसलिए लोगों में जल्दबाजी थी।
लोगों को डर था कि कहीं समय निकल न जाए और ऑफर का फायदा उठाने से चूक न जाएं। यही वजह रही कि रील शेयर होने के कुछ ही समय में बड़ी संख्या में लोग मार्केट की तरफ दौड़ पड़े, और देखते ही देखते भीड़ बेकाबू हो गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
मार्केट में अचानक उमड़ी भारी भीड़ के चलते दुकानदारों और खरीदारी के लिए पहुंचे लोगों, दोनों के लिए हालात संभालना मुश्किल हो गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद कानपुर पुलिस के आला अधिकारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। मिली जानकारी के मुताबिक, हालात काबू में करने के लिए पहले पुलिस ने लोगों ने लोगों को वहां से लौटने को कहा, लेकिन जब भीड़ टस से मस नहीं हुई, तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज करना पड़ा।
यह लाठीचार्ज सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया गया था और बहुत ज्यादा सख्त नहीं था। इसके बाद बाजार में ग्राहकों को इधर-उधर भागते देखा गया। अचानक बड़ी संख्या में लोगों के जुट जाने से पुलिस के सामने भीड़ प्रबंधन की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई थी। पुलिस लगातार मौके पर मौजूद लोगों को नियंत्रित करने और बाजार में स्थिति सामान्य करने का प्रयास करती रही।
यह भी पढ़ें: 'मुझे प्रॉफिट नहीं चाहिए', PM मोदी के फ्री कोचिंग के एलान पर बोले अलख पांडेय
दुकानदार के खिलाफ होगी कार्रवाई
पुलिस ने मौके पर स्थिति पर नजर रखने के साथ-साथ वहां मौजूद भीड़ की वीडियोग्राफी भी करवाई। ऑफर की असली शर्तें अभी साफ नहीं हो सकी हैं। पुलिस के मुताबिक, ऑफर देने वाले दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस मामले के बाद अब स्थिति को संभालने के लिए अनवरगंज पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और बाजार में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
