उत्तर प्रदेश के लखनऊ में जन्मदिन पार्टी के दौरान गोली चलने से 13 वर्षीय छात्र उनैस खान की मौत हो गई है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि घटना सोमवार शाम एलडीए कॉलोनी स्थित एक मकान में हुई। मामले में तीन नाबालिग लड़कों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने हथियार जब्त कर लिया है। बताया गया है कि उनैस खान अपने दोस्तों के साथ पार्टी में शामिल होने गया था। 

 

जश्न के दौरान एक लड़के ने घर में खड़ी कार से अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली। वह रिवॉल्वर दिखा रहा था, तभी अचानक गोली चल गई जो उनैस की आंख के ऊपर जा लगी। गंभीर रूप से घायल उनैस को तुरंत लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है ।

 

यह भी पढ़ें: बीवी को बिना बताए गए और दुबई में फंस गए, भारत लौटने को बेताब हैं लोग

लाइसेंसी रिवॉल्वर जब्त

डीसीपी (दक्षिण) निपुण अग्रवाल ने बताया कि परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जन्मदिन मनाने वाले लड़के के पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर जब्त कर ली गई है। उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।  

 

यह भी पढ़ें: यमुना एक्सप्रेसवे पर कार से टकराई बस, 6 लोगों की मौत

परिवार ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

उनैस स्टेला मैरिस स्कूल का सातवीं कक्षा का छात्र था। स्कूल में फुटबॉल टीम का कप्तान था। परिवार में पिता जमीर खान, मां समा सहरोज और एक बड़ा भाई हैं। परिजनों ने गोली दुर्घटनावश चलने के दावे पर सवाल उठाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है।