उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है। यहां सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में रविवार को धीरेन्द्र प्रताप नाम शख्स की अपहरण के बाद गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया। सोशल मीडिया पर अफवाह फैली की मृतक हिंदू युवा वाहिनी के लखनऊ मंडल प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह हैं। अपनी मौत की झूठी खबर फैलने के बाद धीरेंद्र प्रताप सिंह ने खुद सामने आकर बयान दिया है कि मैं अभी जिंदा हूं।
खबर थी कि लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र से धीरेन्द्र प्रताप सिंह नाम के एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शव दुबग्गा थाना क्षेत्र के पास शारदा सहायक नहर से बरामद किया गया था। शुरुआती जांच में सामने आया कि हत्या फॉर्च्यूनर गाड़ी में ही की गई और उसके बाद शव को उसी गाड़ी से ले जाकर नहर में फेंक दिया गया।
यह भी पढ़ें: IAS दिव्या मित्तल को पेंशन मिलेगी या नहीं, क्या कहते हैं सर्विस नियम?
क्या है पूरा मामला?
30 अगस्त को शाम शारदा सहायक नहर से बीजेपी नेता और महाराणा प्रताप चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह (35) का शव बरामद हुआ। धीरेंद्र प्रताप सिंह के सिर के पिछले हिस्से और दाहिने सीने में गोली मारी गई थी। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
धीरेंद्र प्रताप सिंह मूलरूप से उन्नाव के रहने वाले थे और लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में रह रहे थे। शुरुआती जांच में हत्या की वजह प्रॉपर्टी विवाद सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में उनके ड्राइवर रवि तिवारी समेत एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया है। इस हत्या को सोशल मीडिया पर हिंदू युवा वाहिनी से जुड़े नेता से जोड़ दिया गया। नाम की वजह से भ्रम पैदा हुआ। अब धीरेंद्र प्रताप सिंह ने खुद सामने आकर स्पष्ट किया है।
धीरेंद्र प्रताप सिंह ने क्या?
धीरेंद्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि जिनको मृत बताया जा रहा है, उनका हिंदू युवा वाहिनी से कोई संबंध नहीं है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट और चर्चाओं में उनके नाम को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हुई थी, जिसके बाद उन्होंने खुद वीडियो जारी कर स्थिति स्पष्ट की।
उन्होंने कहा कि 'मैं जीवित हूं, सकुशल हूं'। 'कुछ न्यूज चैनल्स ने जल्दबाजी में एक धीरेंद्र प्रताप सिंह जो उन्नाव के रहने वाले थे, उनकी दुखद हत्या को हमसे जोड़कर चला दिया। इतना ही नहीं, हमारा फोटो तक चला दिया, हिंदू युवा वाहिनी भी चला दिया, हिंदूवादी नेता भी चला दिया'।
'मैं जिंदा हूं', धीरेंद्र प्रताप सिंह ने मीडिया से की अपील
धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि घटना के बाद से लगातार मेरे पास इतने फोन आ रहे हैं कि पिछले घंटे भर में 200 फोन करीब उठाए हैं। पहली लाइन यही रही कि 'मैं जिदा हूं भाई अभी।' उन्होंने कहा कि मेरे सामने टीवी चल रही है और मैं बैठकर अपनी मौत का खबर देख रहा हूं।
मीडिया से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि चैनल्स से आग्रह है कि कृपया कम से कम खबरों की पुष्टि कर लें। पत्रकारिता का स्तर इतना हल्का नहीं होना चाहिए। इस वजह से बैठे-बैठे एक आदमी का जीवन डिस्टर्ब हो जाता है।
