महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और बीजेपी नेता नितेश राणे ने शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर दिए बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने संजय राउत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा। नितेश राणे ने आरोप लगाया कि संजय राउत को अमित शाह की तुलना गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से करने से पहले उद्धव ठाकरे की भूमिका पर नजर डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें उद्धव ठाकरे में ही दाऊद इब्राहिम की भूमिका दिखाई देती है। 

 

नितेश राणे ने आरोप लगाया कि मुंबई में उद्धव ठाकरे वही काम कर रहे हैं, जो कभी अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम किया करता था। उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ बीजेपी और शिवसेना (यूबीटी) के बीच जुबानी जंग और तेज हो गई है। नितेश राणे इससे पहले भ कई बार अपने बयानों के कारण चर्चा में रहे हैं। 

 

यह भी पढ़ें: सिड्डू की खुशबू से कुल्लू शॉल तक, दशहरा बना हिमाचली हुनर का बाजार

कैसे शुरू हुआ विवाद?

इस विवाद की शुरुआत शिवसेना (यूबीटी) की दशहरा रैली में संजय राउत के बयान से हुई। राउत ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए उनकी तुलना गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस गृह मंत्री पर देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, उसी के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। 

 

संजय राउत ने सरकार में बदलाव की मांग करते हुए 'रिजीम चेंज' की बात भी कही। उनका बयान सामने आने के बाद बीजेपी नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। इसी क्रम में नितेश राणे ने राउत के आरोपों को राजनीतिक हमला बताते हुए उद्धव ठाकरे को घेरने की कोशिश की। राणे का कहना है कि दूसरों पर आरोप लगाने से पहले राउत को अपनी पार्टी के नेतृत्व की भूमिका पर विचार करना चाहिए।

क्या बोले नितेश राणे?

पत्रकारों से बातचीत के दौरान नितेश राणे ने उद्धव ठाकरे पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि ठाकरे बांग्लादेशी नागरिकों और रोहिंग्याओं को समर्थन देते हैं और उनके लिए राजनीतिक रूप से लड़ते हैं। राणे ने आरोप लगाया कि उद्धव ठाकरे ऐसे लोगों को ताकत देने का काम कर रहे हैं, जिनकी गतिविधियों को लेकर देश में सुरक्षा संबंधी चिंताएं जताई जाती रही हैं। 

 

यह भी पढ़ें: हरियाणा में बिजली निजीकरण पर बवाल, 3 दिन की हड़ताल पर जा रहे कर्मचारी

उन्होंने संजय राउत के 'रिजीम चेंज' वाले बयान पर भी सवाल उठाए और विपक्षी नेताओं की राजनीति की आलोचना की और कहा, 'अभी संजय राउत साबरमती जेल में कचरा साफ करने का काम करते रहे होंगे लेकिन शायद वह भूल गए कि दाऊद इब्राहिम और उद्धव ठाकरे एक ही हैं। उद्धव ठाकरे में ही हमें अब दाऊद दिखाई देता है। तुम्हारे खुद के नेता दाऊद के रोल में चले गए। अभी दाऊद को इधर आने की जरूरत नहीं है क्योंकि उनका काम उद्धव ठाकरे कर दे रहे हैं।'