दिल्ली के मालवीय नगर के एक होटल में लगी भीषण आग में लगभग दो दर्जन लोगों की मौत हो चुकी है। पूरा होटल जलकर खाक हो गया है और लगभग 40 से ज्यादा लोगों को बचाया भी गया है। बुधवार सुबह लगी इस घटना के बाद फायर ब्रिगेड की लगभग 8 गाड़ियों को मौके पर भेजकर आग पर काबू पा लिया गया था। अब घटनास्थल पर मौजूद रहे लोगों ने बताया है कि आग इतनी भीषण थी कि लोग बिल्डिंग के शीशे तोड़कर ऊपर से कूद रहे थे। लोगों ने यह भी बताया है कि पास में ही एक रजाई-गद्दे की दुकान है और वहीं से गद्दे लेकर बिछा दिए गए थे। इसके बावजूद कुछ लोगों के पैर टूट गए हैं।

 

रिपोर्ट के मुताबिक, यह आग निचले फ्लोर पर लगी थी और कुछ ही समय में पूरी बिल्डिंग जल गई। फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पहुंची टीम ने आग पर तो जल्दी काबू पा लिया था लेकिन लोगों को निकालने में समय लगा। यह बिल्डिंग पांच मंजिला है और इसमें बेसमेंट में भी कमरे बने हुए हैं। बताया गया है कि जान गंवाने वाले लोगों में बांग्लादेश समेत कई अन्य देशों के नागरिक भी शामिल हैं।

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली के मालवीय नगर में रेस्तरां के बेसमेंट में लगी आग, अब तक 21 लोगों की मौत

क्या बोले घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीद?

घटनास्थल पर मौजूद एक स्थानीय युवक ओम ने बताया, 'मैं सुबह 9:30 के करीब इधर से जा रहा था तो भीषण आग लगी हुई थी। मैं और मेरा दोस्त स्कूटी से जा रहे थे और हमने रुककर देखा कि बिल्डिंग से लोग कूद रहे थे। करीब 4-5 लोगों को हमने कूदते हुए देखा था। लोग शीशा तोड़कर कूद रहे थे। एक का तो पैर ही टूट गया था। फिर फायर ब्रिगेड आने लगी थी। पूरा रोड ब्लॉक हो गया था। फिर हम चले गए।'

एक और स्थानीय शख्स शेर खान ने बताया, 'सुबह जब मैं अपनी दुकान के लिए जा रहा था तो देखा कि थोड़ी आग लगी थी। बाद में आग बढ़ गई लेकिन यहां से निकलने का कोई रास्ता नहीं था। इन्होंने बेचारों ने गद्दे बिछाए। एक महिला छोटे से बच्चे को लेकर तीसरी मंजिल से कूद गई। यह भी वह बोल रही थी उसका पैर टूट गया। फिर जनता ने बहुत मदद की। कई लोग ऊपर से कूदे और आग बढ़ती चली गई।'

 

यह भी पढ़ें: सड़क पर नोट फेंककर पुलिस को चमकाना पड़ा भारी, एनकाउंट के बाद ड्रग तस्कर गिरफ्तार

फ्लोरिश स्टे बी एंड बी गेस्ट हाउस में लगी आग

अधिकारियों ने अत्यंत दुख के साथ बताया है कि इस दर्दनाक हादसे में 21 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि बचाव और तलाश अभियान अभी भी जारी है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियां मौके पर तैनात हैं। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, जिनमें अधिकतर लोग मध्य एशियाई और अफ्रीकी देशों के निवासी हैं।

 

अधिकारियों के अनुसार, पहले यह जानकारी दी गई थी कि आग सुबह करीब 8.45 बजे लेमन ग्रीन रेस्तरां में लगी थी। हालांकि, बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया कि आग वास्तव में मालवीय नगर के भीड़भाड़ वाले हौज रानी क्षेत्र स्थित ‘फ्लोरिश स्टे बी एंड बी’ गेस्ट हाउस में लगी। उन्होंने कहा कि कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।