पंजाब लोकल चुनाव के नतीजे आ चुके हैं जिसमें सत्ता में बैठी आम आदमी पार्टी को बहुत बड़ी जीत मिली है। इस बड़ी जीत के बीच सबसे ज्यादा चर्चा सुनाम नगर काउंसिल के वार्ड नंबर 20 की हो रही है। यहां से पहली बार चुनाव लड़ने उतरीं आम आदमी पार्टी की ट्रांसजेंडर कैंडिडेट माही महंत ने एकतरफा जीत हासिल की है। माही महंत की इस बड़ी जीत की चर्चा चारों तरफ इसलिए हो रही है क्योंकि नतीजे आने के बाद खुद पंजाब सरकार के मंत्री अमन अरोड़ा अपनी पत्नी के साथ उनको बधाई देने के लिए पहुंचे। इस दौरान मंत्री और उनकी पत्नी ने माही महंत को फूलों का हार पहनाया और फिर उनके पैर छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया।
इस बड़ी जीत के बाद माही महंत काफी इमोशनल दिखाई दीं। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान साफ तौर पर कहा कि जनता ने उन्हें जो प्यार और इज्जत दी है उसका अहसान वह जिंदगी भर कभी नहीं चुका सकती हैं। माही ने जनता से वादा किया कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने लोगों से जो-जो बातें कही थीं उन सबको पूरा करने के लिए वह दिन-रात मेहनत करेंगी।
यह भी पढ़ें: 'महिलाओं की निजी तस्वीरें, सिर्फ बंद लिफाफें में दें', जयपुर हाई कोर्ट का आदेश
उन्होंने बताया कि उनके वार्ड में गलियों और नालियों को ठीक करने का काम पहले से ही चल रहा है जिसे अब वह और ज्यादा तेजी से आगे बढ़ाएंगी। माही का मानना है कि यह जीत सिर्फ उनकी अकेले की नहीं है बल्कि पूरे समाज की है जो हमेशा उनके साथ मजबूती से खड़ा रहा। लोगों से मिले इस भारी सपोर्ट को देखकर उन्होंने यहां तक कह दिया कि शायद अगले चुनाव में उन्हें जनता से वोट मांगने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।
मंत्री अमन अरोड़ा के परिवार से पुराना रिश्ता
मंत्री अमन अरोड़ा ने इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए अपने परिवार से जुड़ी एक पुरानी बात भी बताई। उन्होंने बताया कि माही महंत के परिवार के साथ उनका पुराना और बहुत ही गहरा सामाजिक रिश्ता है। माही महंत के पूर्वज पहले भी इसी वार्ड से नगर पार्षद रह चुके हैं।
यह भी पढ़ें: पहली पत्नी और बेटी ने कराई कांग्रेस नेता रामसिंह की हत्या? मौत की गुत्थी उलझी
उस पुराने समय में अमन अरोड़ा के पिता खुद विधायक थे जिन्होंने माही के परिवार को चुनाव का टिकट दिया था। मंत्री ने आगे बताया कि माही महंत हमेशा से ही लोगों की मदद और समाज सेवा करना चाहती थीं इसी वजह से उन्हें आम आदमी पार्टी में शामिल किया गया था। आज वार्ड की जनता ने भी उनकी इसी सेवा की भावना को सही माना है और उन्हें एकतरफा वोट देकर चुनाव जिता दिया है।
