पंजाब में आम आदमी क्लीनिकों में तैनात डॉक्टरों, फार्मासिस्टों और क्लीनिकल असिस्टेंटों ने मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है जिसका असर बुधवार को भी पंजाब के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। आम आदमी क्लीनिक सांझा फ्रंट पंजाब के आह्वान पर यह हड़ताल शुरू हुई है और कर्मचारी अपनी मांगों के पूरा होने तक काम ना करने की बात कह रहे हैं। इसके साथ ही बुधवार को अमृतसर में नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) के कर्मचारियों ने भी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। मेडिकल सेक्टर के कर्मचारियों और डॉक्टरों की हड़ताल के कारण लोग परेशान हो रहे हैं। 

 

न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, अमृतसर में बुधवार को मोहल्ला क्लिनिक कर्मचारियों ने शहर के सभी क्लिनिक बंद कर दिए। कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से स्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं और इलाज के लिए आए मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कर्मचारी अपनी नौकरी को स्थायी करने, मेडिकल लीव की सुविधा देने और उन्हें स्वास्थ्य विभाग में शामिल करने की मांग कर रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: कर्नाटक की भूतनाल झील में मिली 6 लोगों की लाश, इलाके में मचा हड़कंप

 

क्या बोले कर्मचारी?

कर्मचारी अपनी नौकरी को स्थायी करने, मेडिकल लीव की सुविधा देने और उन्हें स्वास्थ्य विभाग में शामिल करने की मांग कर रहे हैं। मोहल्ला क्लिनिक के एक कर्मचारी तेजबीर तेजबीर ने कहा, 'हमने अपनी नौकरी पक्की करने, मेडिकल लीव की सुविधा देने और हमें स्वास्थ्य विभाग में शामिल करने की मांग को लेकर क्लिनिक बंद किया है। जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक क्लिनिक बंद रहेगा।'

 

 

हड़ताल से परेशान मरीज

क्लिनिक बंद होने से इलाज और दवा लेने पहुंचे मरीजों को वापस लौटना पड़ा। एक मरीज साहिल ने बताया कि उन्हें कहा गया कि हड़ताल के कारण क्लिनिक तीन दिन के लिए बंद है। उन्होंने कहा, 'मुझे बताया गया कि हड़ताल के कारण क्लिनिक तीन दिनों के लिए बंद है। यहां काम करने वाले कर्मचारी अपनी नौकरी पक्की करने की मांग कर रहे हैं। मेडिकल सुविधाएं बंद नहीं होनी चाहिए, क्योंकि इससे मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।'

 

यह भी पढ़ें: 'कांग्रेस जिम्मेदार', गुरुग्राम के जलभराव पर अपना इतिहास भूल गए राव इंद्रजीत?

 

NHM कर्मचारियों का भी प्रदर्शन

नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) के कर्मचारियों ने भी अमृतसर के सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने इंसेंटिव बढ़ाने, छुट्टी के दौरान वेतन में कटौती नहीं करने और नौकरी की सुरक्षा की मांग उठाई। स्टेट ज्वाइंट फ्रंट यूनियन के चेयरमैन और अमृतसर फार्मासिस्ट यूनियन के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों में उचित छुट्टी, इंसेंटिव में बढ़ोतरी और नौकरी की सुरक्षा शामिल है। उन्होंने कहा कि मांगों को लेकर उन्हें सिर्फ आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है। प्रदर्शन क र रहे कर्मचारियों ने साफ किया कि नोटिफिकेशन जारी होते ही कर्मचारी ड्यूटी पर लौट आएंगे।