कुरुक्षेत्र में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) में पिछले दो महीनों में ही चार विद्यार्थियों के आत्महत्या करने के मामले ने गंभीर चिंता पैदा कर दी है। संस्थान ने लापरवाही के आरोप में शनिवार को दो प्रोफेसरों का ट्रांसफर कर दिया। साथ ही छात्रों से रविवार तक हॉस्टल खाली करने को कहा है।

 

संस्थान ने दोनों प्रोफेसरों के ट्रांसफर का कदम शुक्रवार देर रात एक 19 साल की छात्रा के आत्महत्या की कोशिश के बाद उठाया है। कंप्यूटर साइंस की फर्स्ट ईयर की छात्रा देर रात अपने हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से कूदने की कोशिश की थी। मगर समय रहते हॉस्टल में साथ पढ़ने वाले साथियों ने उसे बचा लिया।

पहले किया WhatsApp ग्रुप पर मैसेज

आत्महत्या करने के प्रयास से पहले छात्रा ने एक WhatsApp ग्रुप में एक मैसेज पोस्ट किया था, जिसमें उसने कहा था कि उसकी जिंदगी का कोई मकसद नहीं है। बाद में उसे बचाने के बाद NIT प्रशासन ने छात्रा की काउंसलिंग की और उसे स्थानीय हॉस्पिटल में भर्ती कराया। 

 

यह भी पढ़ें: UP में स्मार्ट मीटर को बवाल जारी, लोग बोले बिजली काट रहे, बैकफुट पर योगी सरकार

इन छात्रों ने किया सुसाइड

इससे पहले गुरुवार को एक 20 साल की सेकंड ईयर की छात्रा अपने हॉस्टल के कमरे में मृत पाई गई थी। जिसके बाद छात्रों प्रदर्शन किया। छात्रों ने प्रशासन से जांच की मांग की है।  इस कड़ी में इससे पहले तेलंगाना का रहने वाला एक 19 साल का फर्स्ट सेमेस्टर का छात्र 16 फरवरी को अपने हॉस्टल में मृत मिला था। वही, नूह जिले के एक थर्ड ईयर के छात्र ने 31 मार्च को सुसाइड कर लिया था। 8 अप्रैल को सिरसा जिले की एक 22 साल की सिविल इंजीनियरिंग छात्रा ने भी सुसाइड कर लिया था।

वजह नहीं मालूम

हालांकि, इन आत्महत्याओं के पीछे की क्या वजह है, इसके बारे में जानकारी सामने नहीं आ सकी है। जिस लड़की ने शनिवार को सुसाइड करने की कोशिश की वह गुस्से में कहती सुनाई दी, 'जिन लोगों ने पहले सुसाइड किया, उनकी किसी को चिंता नहीं है। लोग कुछ दिनों तक उनके बारे में बात करेंगे और फिर सब कुछ भूल जाएंगे।'

 

यह भी पढ़ें: गंगा में नॉन-वेज इफ्तार पार्टी मामले में हाईकोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब

NIT का बयान आया

NIT के पीआरओ ज्ञान भूषण ने कहा कि छात्रा हाल की घटनाओं की वजह से चिंताग्रस्त थी। उन्होंने कहा, 'वह यहां काउंसलिंग ले रही थी। अब वह पूरी तरह ठीक है। उसके माता-पिता को घटना के बारे में जानकारी दे दी गई है।' भूषण ने कहा कि दो प्रोफेसरों का ट्रांसफर कर दिया गया है। इन्हीं दोनों पर गुरुवार को प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने लापरवाही का आरोप लगाया था। मौजूदा हालात को देखते हुए NIT प्रशासन ने UG, PG और PhD के छात्रों से रविवार तक अपने हॉस्टल खाली करने को भी कहा है।

 

NIT के रजिस्ट्रार ने नोटिस जारी करके कहा है कि सभी छात्र अगली सूचना तक छुट्टी पर रहेंगे।