बिहार की सबसे चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) किसी भी हाल में जीत चाहती है। प्रत्याशी बदलने और प्रशांत किशोर के दावे के बाद यह सीट BJP के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गई है। इसी को लेकर BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बांकीपुर के पूर्व विधायक नितिन नवीन पटना में डेरा डाले हुए हैं। उन्होंने मैराथन बैठक शुरू कर दी है। बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी , प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और NDA प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे। BJP प्रत्याशी के बदले जाने से यहां समस्या और बढ़ गई है। प्रशांत किशोर भी प्रत्याशी बदलने के मुद्दे को जोरदार तरीके से उठा रहे हैं।
नितिन नवीन ने अपने आवास पर हुई बैठक में साफ कहा कि बांकीपुर में पिछले बार से ज्यादा वोटों से जीत चाहिए। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने जनसंपर्क अभियान, बूथ सशक्तिकरण और चुनावी रणनीति पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि NDA प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए संगठन की ताकत को बूथ स्तर तक पहुंचाना होगा। चुनाव अब चेहरा नहीं, पार्टी लड़ रही है। जनता विकास के नाम पर वोट करेगी। 3 अगस्त को हमारी जीत तय है।
यह भी पढ़ें: 'ब्रह्मोस मिसाइल सीधे आतंकवादी की खटिया में लगेगी', बृजेश पाठक ने बताया तरीका
बैठक में बना जीत का रोडमैप
BJP प्रत्याशी की जीत के लिए बुलाई गई बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, BJP के प्रदेश अध्यक्ष संजय शरावती सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। यह बैठक देर रात तक चली। बैठक में उपचुनाव की रणनीति, संगठनात्मक तैयारियों और बूथ प्रबंधन पर विस्तृत चर्चा हुई। तय किया गया कि हर बूथ पर पन्ना प्रमुख से लेकर बूथ अध्यक्ष तक की जिम्मेदारी तय होगी।
बैठक में मौजूद सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे पूरी ऊर्जा के साथ नीरज कुमार सिन्हा को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाएंगे। बांकीपुर सीट देशभर में चर्चा में है। इसे नितिन नवीन का गढ़ माना जाता है। पिछले चुनाव में यहां से नितिन नवीन ही विधायक थे। अब उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह सीट BJP के लिए प्रतिष्ठा बन गई है। साथ ही प्रशांत किशोर के जन सुराज के मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। इसी वजह से BJP कोई रिस्क नहीं लेना चाहती। पार्टी ने तय किया है कि बूथ स्तर तक माइक्रो मैनेजमेंट किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: 9 महीने की गर्भवती भैंस का हुआ ऑपरेशन, पेट से निकलीं धातु की 66 चीजें
कार्यकर्ताओं में भरा जोश
बैठक के बाद कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह दिखा। सभी ने कहा कि वे 3 अगस्त को होने वाले मतदान में ऐतिहासिक जीत दिलाकर पार्टी का मान बढ़ाएंगे। अब देखना होगा कि नितिन नवीन का ये 'बूथ जीत' वाला फॉर्मूला बांकीपुर में BJP को फिर से जीत दिला पाता है या नहीं।
